VIRAL: दिलजीत के कॉन्सर्ट में बना 'लव मोमेंट'... सिंगर ने स्टेज पर बुलाया, इंदौरी युवक ने गर्लफ्रेंड को अंगूठी पहनाकर पूछा- 'विल यू मैरी मी?'- VIDEO

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान इंदौर के शुभम ने अपनी मंगेतर बिंदिया को हजारों लोगों के सामने शादी के लिए प्रपोज किया। दिलजीत की नजर शुभम की टी-शर्ट पर लिखे संदेश 'आई वांट टू प्रपोज हर फॉर मैरिज' पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने जोड़े को स्टेज पर बुलाया। जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

पॉपुलर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ अपने शानदार म्यूजिक और जिंदादिल अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित उनके लाइव कॉन्सर्ट के दौरान एक बेहद भावुक और यादगार पल देखने को मिला। इस कॉन्सर्ट में इंदौर के रहने वाले शुभम ने हजारों दर्शकों की मौजूदगी में अपनी मंगेतर बिंदिया को शादी के लिए प्रपोज कर इस शाम को हमेशा के लिए खास बना दिया।

टी-शर्ट के खास मैसेज ने खींचा दिलजीत का ध्यान

कॉन्सर्ट के दौरान जब दिलजीत दोसांझ अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे, तभी उनकी नजर भीड़ में खड़े शुभम की टी-शर्ट पर पड़ी। शुभम ने एक खास टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर लिखा था- 'आई वांट टू प्रपोज हर फॉर मैरिज'। यह मैसेज पढ़ते ही दिलजीत मुस्कुराए और उन्होंने शुभम और बिंदिया को सीधे स्टेज पर बुला लिया। स्टेज पर पहुंचते ही शुभम ने दिलजीत के सामने घुटनों के बल बैठकर बिंदिया को शादी के लिए प्रपोज किया, जिसे देख पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।

एक साल से थी सही मौके की तलाश, चार बार अधूरी रही कोशिश

शुभम के लिए यह पल बेहद खास था, क्योंकि वह पिछले करीब एक साल से बिंदिया को एक अनोखे अंदाज में प्रपोज करने का मौका तलाश रहे थे। इससे पहले उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच से लेकर मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान के लाइव शो तक चार बार प्रपोज करने की प्लानिंग की थी, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से उनकी यह कोशिश अधूरी रह गई। आखिरकार दिलजीत के कॉन्सर्ट में उनका यह सपना पूरा हुआ।

दिलजीत ने की तारीफ, कपल ने स्टेज पर किया डांस

इस खूबसूरत प्रपोजल के बाद दिलजीत दोसांझ ने शुभम की हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा, 'आजकल के समय में प्रपोज करना बहुत बड़ी बात है, भाई ने बहुत जिगरा दिखाया है।' प्रपोजल के बाद शुभम और बिंदिया करीब डेढ़ मिनट तक स्टेज पर रुके और दिलजीत के गानों पर साथ में डांस भी किया।

13-14 साल पुराने फैन हैं शुभम

शुभम पिछले 13-14 सालों से दिलजीत दोसांझ के बहुत बड़े फैन हैं। दिलजीत के प्रति उनकी दीवानगी का यह सफर उनके मशहूर गाने 'पंगा' से शुरू हुआ था। अपने पसंदीदा कलाकार के सामने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करना शुभम और बिंदिया दोनों के लिए किसी सपने के सच होने जैसा रहा।

ये भी पढ़ें - NCP पवार गुट का बड़ा ऐलान, परिसीमन पर मोदी सरकार के समर्थन में आई पार्टी, जितेंद्र आव्हाड ने बताया क्यों लिया फैसला

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 27 November 2026 at 20:24 IST