दिल्ली पुलिस की PCR बनी 'चलता-फिरता बार', चलती गाड़ी में छलका 'जाम'; VIDEO वायरल होते ही नपा हेड कांस्टेबल और...
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पीसीआर गाड़ी सड़क पर दौड़ रही है। इसके भीतर दो लोग बेखौफ होकर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read
Viral Video: राजधानी में दिल्ली पुलिस महकमे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल और DTC का एक ड्राइवर पीसीआर वैन में कथित रूप से शराब पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद दोनों विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पीसीआर गाड़ी सड़क पर दौड़ रही है। इसके भीतर दो लोग बेखौफ होकर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
हेड कांस्टेबल निलंबित, DTC कर्मी लाइन हाजिर
वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों ने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है, जबकि डीटीसी के ड्राइवर को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वायरल वीडियो पर क्या बोले पुलिस उपायुक्त?
पुलिस उपायुक्त (पीसीआर) ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कथित घटना की जांच पहले ही की जा चुकी है। दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल और डीटीसी चालक की पहचान कर ली गई है। हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है, जबकि डीटीसी चालक को लाइन हाजिर किया गया है।'
'कदाचार बर्दाश्त नहीं करेगी दिल्ली पुलिस'
पोस्ट में यह भी कहा गया है कि दिल्ली नगर निगम (DTC) ने चालक के खिलाफ विस्तृत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस किसी भी प्रकार के कदाचार को बर्दाश्त नहीं करती है और जिम्मेदार पाए गए लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस ने अपने बयान में इन कर्मियों की पहचान का खुलासा नहीं किया है।
यूजर्स ने जाहिर किया आक्रोश
इस वीडियो पर लोग अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने संबंधित विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को असंतोषजनक बताया। उसने सवाल उठाते हुए कहा, 'सर, यह कार्रवाई बिल्कुल भी संतोषजनक नहीं है; जो लोग ऐसा आचरण करते हैं, वे जनता की सुरक्षा कैसे करेंगे?' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'सरकारी गाड़ी की नंबर प्लेट भी ठीक से दिखाई नहीं दे रही है। अगर पुलिसकर्मी ही ऐसा व्यवहार करेंगे, तो आप नागरिकों से कैसे व्यवहार की उम्मीद कर सकते हैं?'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 2 September 2026 at 10:53 IST