भारत में जो इलाज 500 रुपए में, अमेरिका में उसका बिल 20 लाख... अस्पताल के खर्चों से परेशान होकर देश लौटे शख्‍स ने VIDEO डाला बताया सच

अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय युवक ने भारत और अमेरिका की स्वास्थ्य सेवाओं के खर्च की तुलना करते हुए अपना निजी अनुभव साझा किया है। उसने बताया कि दोनों देशों में इलाज की लागत में जमीन-आसमान का बड़ा अंतर है।

भारत में जो इलाज 500 रुपए में, अमेरिका में उसका बिल 20 लाख... अस्पताल के खर्चों से परेशान होकर देश लौटे शख्‍स ने VIDEO डाला बताया सच | Image: Instagram

अमेरिका को दुनिया के सबसे विकसित देशों में गिना जाता है, लेकिन वहां का हेल्थकेयर सिस्टम आम आदमी के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। अमेरिका में नौकरी कर रहे एक भारतीय युवक ने हाल ही में अपने इलाज का ऐसा कड़वा अनुभव साझा किया है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। इस युवक का कहना है कि अमेरिका के महंगे और जटिल इलाज ने उसे वापस भारत लौटने पर विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।

भारत में इलाज है सस्ता, सुलभ और बेहतरीन देखभाल

इंस्टाग्राम पर अपना अनुभव शेयर करने वाले इस युवक का नाम युवान इबानेज गरवारे है। युवान ने वीडियो में भारत और अमेरिका के स्वास्थ्य ढांचे की तुलना की। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले भारत में रहने के दौरान वह अचानक कई बार बेहोश हो गए थे। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बिना किसी लंबी कागजी कार्यवाही के तुरंत एक प्राइवेट रूम दे दिया गया।

भारत में डॉक्टरों ने एमआरआई, सीटी स्कैन, ब्लड टेस्ट और ईसीजी जैसी सभी जरूरी जांचें कीं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर आसानी से बात करने के लिए उपलब्ध थे। जांच के बाद उन्हें बीमारी का कारण बताया गया और इलाज शुरू हुआ। इस पूरी प्रक्रिया और बेहतरीन देखभाल का कुल खर्च सिर्फ 500 डॉलर (करीब 42 हजार रुपये) आया था।

अमेरिका में तो एंबुलेंस बुलाने में भी लगता है डर

इसके उलट, अमेरिका का उनका अनुभव बेहद तनावपूर्ण रहा। एक दिन बास्केटबॉल खेलते समय युवान के सीने में अचानक तेज दर्द होने लगा। अमेरिका में एंबुलेंस का भारी-भरकम खर्च हर किसी को डराता है, इसीलिए सीने में दर्द के बावजूद युवान खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई। उन्हें तुरंत इलाज मिलने के बजाय करीब डेढ़ घंटे तक वेटिंग रूम में बैठाया गया और डॉक्यूमेंटेशन की लंबी प्रक्रिया पूरी की गई।

बीमारी का पता नहीं, फिर भी थमाया 20 लाख का बिल

युवान ने बताया कि कई दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद डॉक्टरों ने अंदेशा जताया कि उन्हें शायद 'मिनी हार्ट अटैक' आया था। हैरानी की बात यह रही कि इतनी महंगी जांचों के बाद भी डॉक्टर असल परेशानी का पता नहीं लगा पाए और बिना किसी स्पष्ट फॉलो-अप प्लान के उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।

असली झटका उन्हें तब लगा जब अस्पताल से 23 हजार डॉलर (करीब 20 लाख रुपये) का बिल आया। युवान हर महीने हेल्थ इंश्योरेंस के लिए हजारों डॉलर खर्च करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपनी जेब से 7 हजार डॉलर (लगभग 6 लाख रुपये) चुकाने पड़े।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया

युवान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  उनका कहना है कि उन्हें अमेरिका का मौसम और इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत पसंद है, लेकिन वहां का महंगा इलाज उनके लिए सबसे बड़ी चिंता बन गया है। इस घटना के बाद इंटरनेट पर लोग अमेरिका के खर्चीले मेडिकल सिस्टम की आलोचना कर रहे हैं और भारत की सस्ती, तेज और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें - Radha Ashtami 2026 Shubh Muhurat: आज मनाई जा रही राधा अष्टमी, जानें राधारानी की पूजा का शुभ मुहूर्त, विधि और नियम 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 19 September 2026 at 10:40 IST