मदद के लिए तड़पता रहा गार्ड... कानपुर में 4 क्विंटल वजनी लोहे का गेट गिरने से दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुई घटना- VIDEO

उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां चार क्विंटल वजन का एक भारी-भरकम लोहे का गेट अचानक गिरने से 50 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड विक्रम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां पनकी थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में भयानक हादसे के कारण एक सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई। गार्ड पर लगभग चार क्विंटल (400 किलो) वजनी लोहे का मुख्य गेट अचानक गिर गया। गंभीर रूप से घायल गार्ड ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है।

कैसे हुआ हादसा?

मृतक की पहचान पनकी की शिवनगर डूडा कॉलोनी के निवासी 50 वर्षीय विक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले तीन महीनों से इस अपार्टमेंट में तैनात थे। शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे जब एक कार अपार्टमेंट में दाखिल हुई, तो विक्रम ने गेट खोला। कार अंदर जाने के बाद जब वह गेट बंद करने लगे, तो वह अटकने लगा। जैसे ही उन्होंने उसे दोबारा खोलने की कोशिश की, भारी-भरकम लोहे का गेट उखड़कर सीधे उनके ऊपर आ गिरा। विक्रम उसके नीचे पूरी तरह दब गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिजनों का लापरवाही और देरी का आरोप

विक्रम के परिवार ने अपार्टमेंट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्वजनों का कहना है कि गेट पिछले 10 दिनों से खराब चल रहा था। बार-बार शिकायत करने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। परिजनों का मानना है कि अगर समय रहते गेट ठीक करा दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था। इसके अलावा, परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें हादसे की सूचना भी काफी देर से शनिवार सुबह 5 बजे दी गई, जब तक वे अस्पताल पहुंचे तब तक विक्रम की मौत हो चुकी थी।

पुलिस कार्रवाई

पनकी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। CCTV वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़ें - 'यह नीच राजनीति की पराकाष्ठा...' PM मोदी के पिता पर अमर्यादित  टिप्पणी को लेकर CM योगी का कांग्रेस पर हमला, बोले- ये वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण
 

 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 25 October 2026 at 22:10 IST