फिल्मी स्टाइल में एक्शन... गुटखा तस्करों को दबोचने के लिए 30 किलोमीटर तक कार की छत पर लटके रहे तमिलनाडु पुलिसकर्मी; VIDEO
तमिलनाडु में गुटखा तस्करों को पकड़ने के लिए एक जांबाज पुलिस कांस्टेबल ने अपनी जान की बाजी लगा दी। तस्करों को भागने से रोकने के लिए वह उनकी तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) की छत पर कूद गया और लगभग 40 किलोमीटर तक उसी से चिपका रहा। तस्करों ने उसे गाड़ी से गिराने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसने अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read
कोच्चि-सेलम नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह किसी कॉलीवुड थ्रिलर फिल्म जैसा हैरतअंगेज नजारा देखने को मिला। कर्नाटक से तमिलनाडु में प्रतिबंधित गुटखा तस्करी कर रहे एक गिरोह को पकड़ने के लिए कोयंबटूर के कोविलपालयम पुलिस स्टेशन के हेड कॉन्स्टेबल एम. वेलमुरुगन ने अपनी जान की परवाह न करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया। संदिग्धों को भागने से रोकने के लिए वेलमुरुगन तेज रफ्तार कार की छत की रेलिंग पकड़कर करीब 30 किलोमीटर तक लटके रहे।
चेकिंग से बचने के लिए पुलिस पर हमला और फरारी
घटना रविवार सुबह 5:45 से 6:30 बजे के बीच की है। विलांकुरिची और कलापट्टी के बीच सब-इंस्पेक्टर वी. विग्नेश और हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन की टीम गाड़ियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बेंगलुरु की तरफ से आ रही कर्नाटक नंबर की एक संदिग्ध कार को रोका गया।
कार के पिछले हिस्से में संदिग्ध बंडल देखकर जब एसआई विग्नेश ने तलाशी लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दे दिया। उन्होंने तुरंत दरवाजे बंद किए और तेजी से गाड़ी भगा ली। इस खींचतान में वेलमुरुगन का हाथ कार के हैंडल में फंस गया, लेकिन तस्करों को भागने न देने के पक्के इरादे से उन्होंने खुद को ऊपर खींचा और कार की छत पर लगी रेलिंग को मजबूती से थाम लिया।
वीडियो सोशल मीडियापर हो रहा वायरल
तस्कर पुलिसकर्मी को छत पर लटकाए हुए ही विलांकुरिची, कलापट्टी फोर रोड्स और कोयंबटूर एयरपोर्ट जंक्शन होते हुए अविनाशी व कनियूर टोल प्लाजा की तरफ बेहद तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते रहे। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी को छत पर लटके देख अन्य वाहन चालकों ने वीडियो बना लिए, जो तेजी से वायरल हो गए। सूचना मिलते ही करुमाथमपट्टी पुलिस, अविनाशी पुलिस और रास्ते में मौजूद एम्बुलेंस चालक भी पीछा करने में शामिल हो गए।
170 किलो गुटखा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
लगभग 30 किलोमीटर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का अंत तिरुप्पुर सीमा के पास थेक्कलुर में हुआ, जहां पुलिस और एम्बुलेंस चालकों ने कार को चारों तरफ से घेर लिया। घिरने के बाद आरोपियों ने हार मान ली। भागने की कोशिश के दौरान दो तस्करों के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने कार से 170 किलोग्राम प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 28 September 2026 at 23:16 IST