फटे कपड़े, कूड़ा बीनने वाला हुलिया... राखी बंधवाने को भटक रहा था शख्स, बच्ची ने बांधा रक्षा सूत्र तो भाई ने यूं छुए पैर; रक्षाबंधन से पहले वायरल हुआ VIDEO
सोशल मीडिया पर एक छोटी बच्ची एक बेसहारा शख्स को राखी बांधती नजर आ रही है। रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद शख्स ने जो किया उसने हर किसी का दिल छू लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से तहलका मचा रहा है।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read
Viral Video: भाई-बहनों के प्रेम के प्रतीक का त्योहार रक्षाबंधन आने में महज दो दिन का समय बचा है। इससे पहले घरों में तैयारियां शुरू हो गई है। बहनें अपने भाइयों के लिए राखियां खरीद रही हैं, जबकि भाई भी अपनी बहनों को तोहफे देने के लिए खोजबीन कर रहे हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक बेसहारा शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद हर किसी का दिल पसीज गया है।
वायरल हो रहे वीडियो में एक शख्स गंदे और फटे कपड़ों में घूम रहा है, जिसे कूड़ा बीनने वाला बताया जा रहा है। उसके एक हाथ में लाठी और दूसरे हाथ में राखी है। वो राखी लेकर स्कूली बच्चों के पास जाता है, ताकि कोई उसकी कलाई पर बांध दे। लेकिन उसका हुलिया देखकर बच्चे डर जाते हैं और उससे दूरी बना लेते हैं।
कलाई पर राखी बंधवाने के लिए बढ़ाया हाथ
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि एक बच्ची जैसे-तैसे हिम्मत जुटाकर उसके पास जाती है। शख्स भी उसे अपनी कलाई पर राखी बांधने को देता है। बच्ची बड़े ही प्यार से उसे बांधती है। इसके बाद जो हुआ उसने नेटिजंस का दिल छू लिया।
राखी बंधते ही छुए 'बहन' के पैर
शख्स ने बच्ची को इशारे में बताया कि राखी के बदले देने के लिए उसके पास कुछ भी नहीं है। बच्ची बड़े ही प्यार से कहती है कि कोई बात नहीं। लेकिन शख्स भावुक होकर झुकते हुए बच्ची के पैर छू लेता है। इसके बाद वो अपने हाथ की लाठी उसे पकड़ा देता है। ऐसा लगता है कि उसके पास उसका जो कुछ है वो उसकी लाठी ही है, जिसे उपहार में वो बच्ची को दे देता है। ऐसा लगता है कि इसे वो अपनी बहन की सुरक्षा के तौर पर देना चाहता है। इस वीडियो ने हर किसी को इमोशनल कर दिया।
इस दिल पिघला देने वाली वीडियो को @soni4362devi• नामक इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा है, 'धरती पर खून के रिश्ते से प्यारा मुंह का रिश्ता है, अगर सही तरीके से निभाया जाए तो।'
वीडियो ने नेटिजन्स का छू लिया दिल
वहीं कमेंट सेक्शन में दिल छू लेने वाली प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगी हुई है। एक यूजर ने लिखा, 'मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'अगर ये पागल है, तो दुनिया में ऐसे पागल चाहिए जो इज्जत दें।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'एक भाई की तरफ से अपनी बहन के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन तोहफा।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 25 August 2026 at 23:42 IST