अपडेटेड 14 December 2025 at 14:44 IST
पहले अज्ञात स्थान पर ले गया और फिर... रैपिडो बाइक चालक ने की सारी हदें पार, महिला के साथ रेप की कोशिश; ऐसे बची जान
Rapido Driver: एक रैपिडो ड्राइवर ने महिला से रेप की कोशिश की। जानकारी मिलते ही गुस्साई भीड़ ने उस पर दनादन थप्पड़, लात और घूंसे बरसाए।
Rapido Driver: आजकल लोग कहीं पहुंचने के लिए रैपिडो या ओला बाइक का अधिक इस्तेमाल करते हैं। इससे सफर आसान हो जाता है और समय की बचत भी हो जाती है। लेकिन मुंबई के पास कल्याण पश्चिम के सिंडिकेट परिसर में जो घटना हुई, उसे जानने के बाद शायद आप रैपिडो बुक करने से पहले सौ दफा सोचें।
महिला ने बताया कि किस तरह एक रैपिडो ड्राइवर ने उसे अज्ञात जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान महिला इतना डर गई की थी वो कांपने लगी। लेकिन वह हिम्मत दिखाकर खुद को बचाने में सफल रही।
महिला को सुनसान जगह पर ले गया
जानकारी के मुताबिक, महिला ने जिम जाने के लिए रैपिडो बुक की थी। आरोप है कि रैपिडो ड्राइवर उसे जिम छोड़ने की बजाय कल्याण पश्चिम के पुलिस लाइन के पास एक सुनसान और अंधेरी जगह पर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
रैपिडो ड्राइवर पर टूट पड़ी गुस्साई भीड़
महिला ने खुद को बचाने के लिए चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साई भीड़ ने रैपिडो चालक की जमकर पिटाई कर दी।
महिला ने दनादन बरसाए थप्पड़
इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें गुस्साई भीड़ रैपिडो चालक पर टूटती दिख रही है। वहीं महिला भी चालक पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाती नजर आई। वीडियो में लोगों को कहते सुना जा सकता है कि उसके पास चाकू और एसिड स्प्रे है।
पुलिस ने शिकायत की दर्ज
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल, पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
बेंगलुरु में भी हुई थी घनौनी हरकत
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा कुछ हुआ है। इससे पहले बेंगलुरु की एक महिला ने रैपिडो ड्राइवर पर उसे अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया था। उसने रैपिडो ड्राइवर की घनौनी हरकत का वीडियो बनाकर उसे एक्सपोज किया। साथ ही एक लंबे-चौड़े पोस्ट में अपनी आपबीती बताई। उसने बताया था कि कई बार मना करने पर भी रैपिडो ड्राइवर नहीं माना। जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में खुद रैपिडो ने भी इस मामले पर ध्यान दिया।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 14 December 2025 at 13:04 IST