अपडेटेड 11 September 2025 at 13:40 IST
'केक ले आओ पापा, मैं हंसते हुए...', ICU में आखिरी पलों को कैंसर से जूझ रही प्रियंका ने किया सेलिब्रेट, मुस्कुराते हुए दुनिया से ली विदाई
Rajasthan Viral Story: 27 साल की प्रियंका उर्फ पीहू हड्डियों के एक दुलर्भ कैंसर से जूझ रही थीं। तमाम कोशिशों के बाद भी वो बच नहीं पाई। मौत से एक हफ्ते पहले उन्होंने ICU में केक काटा और मुस्कुराते हुए दुनिया से विदाई ली। उनकी कहानी हर किसी को रूला रही है।
Rajasthan news: दर्द में भी मुस्कुराने का नाम है जिंदगी... दुनिया को अलविदा कहने से पहले ऐसी ही कुछ सीख दे गईं 27 साल की प्रियंका उर्फ पीहू। राजस्थान में जालोर की एक महिला की कहानी इन दिनों इंटरनेट पर छाई हुई है। कैंसर से जूझ रही प्रियंका 2 सितंबर को दुनिया छोड़ गईं। मौत से पहले वो लोगों को जीना का तरीखा सीखा गईं। उनके आखिरी पलों की याद कर अब हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।
प्रियंका हड्डियों के कैंसर से जूझ रही थीं। तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी बीमारी फैलती जा रही थी। डॉक्टरों ने उनके परिवार को साफ कर दिया था कि अब उनके पास ज्यादा समय नहीं बचा है। कैंसर ने भले ही प्रियंका की दुनिया उजाड़ दी हो, लेकिन जो नहीं छिन पाया वो थी उनकी मुस्कान और उनका हौसला।
ICU में काटा केक, हर कोई हुआ भावुक
प्रियंका की कई सर्जरी हो चुकी थीं। इसके बाद भी वो ठीक नहीं हो पा रही थी। वो मशीन से जकड़ी थी, तब भी उन्होंने हार नहीं मानी। वो मुस्कुराते हुए कहती थीं, "अपने आखिरी पल मैं हंसते हुए मनाना चाहती हूं।" मौत से 1 हफ्ते पहले प्रियंका ने अपने पिता से ICU में केक लाने की गुजारिश की थी। उनकी आखिरी इच्छा को पूरा करते हुए आईसीयू को सजाया गया, वहां केक काटा। प्रियंका की मौत के बाद उनकी जिंदादिली को याद कर हर कोई भावुक हो रहा है।
17 फरवरी 1998 को पाचनवा गांव जालोर में प्रियंका कुंवर का जन्म हुआ था। वो पढ़ने में काफी अच्छी थीं। कर्नाटक के हुबली से उन्होंने BBA की पढ़ाई की। साथ ही उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा भी पास कर ली। साल 2023 में प्रियंका की शादी लक्ष्यराज सिंह भाटवास से हुई थी।
शुरुआत में पैरों में दर्द की थी शिकायत
शादी के कुछ समय बाद उन्हें पैरों में दर्द की समस्या होने लगी। शुरुआत में तो इसे सामान्य माना गया, लेकिन धीरे-धीरे दर्द बढ़ता गया। जांच में पता चला कि वो इविंग सार्कोमा नाम के दुर्लभ हड्डी के कैंसर का शिकार हो गई हैं। इसके बाद इलाज और ऑपरेशन का सिलसिला चलता रहा। मार्च 2023 में प्रियंका पहली सर्जरी हुई थी। इसके बाद जून 2024 में दूसरी और अगस्त 2024 में तीसरी सर्जरी हुई। बावजूद इसके उनकी बीमारी फैल रही थी। डॉक्टरों ने कह दिया था कि अब प्रियंका के पास अधिक समय नहीं है।
बावजूद इसके उन्होंने हौसला नहीं खोया। 25 अगस्त को जब ICU में मिलने प्रियंका से मिलने रिश्तेदार और ससुराल वाले आए, तो उन्होंने अचानक कहा, "पापा केक लाओ... अपने आखिरी पलों को मैं सेलिब्रेट करना चाहती हूं।"
'मैं जल्दी ठीक होकर घर आऊंगी'
इसके बाद प्रियंका ने ICU में परिवार संग केक काटकर अपने आखिरी पलों को सेलिब्रेट किया, जिसे देख हर कोई भावुक हो उठा। उन्होंने सबको केक खिलाती कहा, "मैं जल्दी ठीक होकर घर जाऊंगी।" उनके ये शब्द सुन परिवार और ससुराल ने उनके सामने तो आंसू नहीं बहाए और मुस्कुराते हुए उन्हें हिम्मत देते रहे, लेकिन ICU की गैलरी में वे रोते रहे।
2 सितंबर को अचानक प्रियंका की तबीयत बिगड़ने लगी। मुस्कुराते हुए उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 11 September 2025 at 13:40 IST