माथे पर तिलक, कलाई पर रक्षा सूत्र... नन्हीं बच्ची ने सोसायटी के गार्ड अंकल को बांधी राखी, रक्षाबंधन पर दिल छू लेने वाला VIDEO वायरल
रक्षाबंधन के मौके पर एक बच्ची का दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बच्ची अपनी सोसायटी के सभी गार्ड्स को राखी बांध रही है। मानों वो इस जेस्चर के जरिये सोसायटी वालों की रक्षा करने के लिए उनका शुक्रिया अदा कर रही हो।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read
Viral Video: भाई-बहन के अटूट प्यार का त्योहार 'रक्षाबंधन' को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर रील्स की बाढ़ आई हुई है, लेकिन इसी बीच एक छोटी सी बच्ची के वीडियो ने इंटरनेट पर सबका दिल जीत लिया है। वीडियो में ये बच्ची अपनी सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड्स को बड़े प्यार से राखी बांधती नजर आ रही है। सबसे खूबसूरत बात यह है कि बच्ची ने इन सभी गार्ड्स के लिए बिल्कुल वैसी ही राखी खरीदी, जैसी उसने अपने खुद के भाई के लिए ली थी।
इस वायरल वीडियो में बच्ची अपनी सोसाइटी की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स को राखी बांधती नजर आ रही है। उसने एक-एक कर सभी के माथे पर पहले तिलक लगाया। इसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा किया।
सोसायटी के सभी गार्ड्स को बांधी राखी
बच्ची ने इस जेस्चर से न सिर्फ अपनी मां का, बल्कि नेटिजंस का भी दिल जीत लिया। बच्ची की मां वीडियो बनाते हुए कहती हैं, 'मेरे पास दुनिया की सबसे प्यारी बेटी है। आज उसने ठाना है कि वो सोसायटी के सभी गार्ड्स को राखी बांधेगी, क्योंकि वो हमारी रक्षा करते हैं।''
मां का सीना गर्व से चौड़ा
बच्ची की मां आगे कहती है, 'इसने खास तौर पर मुझसे राखियां मंगवाई है। क्योंकि उसने अपने भाईयों को भी यही राखी बांधी थी।' बच्ची के इस अंदाज ने उसकी मां का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। बच्ची का यह जेस्चर देख ऐसा लग रहा है मानों वो इसके जरिये सोसायटी वालों की रक्षा करने के लिए गार्ड्स का शुक्रिया अदा कर रही हो।
बच्ची की तारीफ करते नही थके यूजर्स
इस वीडियो को @gharkekalesh नामक एक्स हैंडल से शेयर किया गया है, जिसे खबर लिखे जाने तक बड़ी संख्या में देखा और लाइक किया जा चुका है। वहीं कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगी हुई है। एक यूजर ने लिखा, 'बहुत बढ़िया। बच्चों को लोगों का सम्मान करना सीखना चाहिए। शायद अगली पीढ़ी हमसे बेहतर होगी।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'जो हमारी रक्षा करते हैं, उन सभी को राखी बांधनी चाहिए।' वहीं अन्य ने बच्ची की इस मासूमियत के लिए जमकर तारीफ की।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 August 2026 at 22:01 IST