अपडेटेड 21 February 2026 at 11:38 IST
Japanese Monkey Viral: जापानी बंदर की दर्दभरी दास्तां... जिसे मां ने त्यागा और झुंड ने दुत्कारा, उसने टेडी बियर को सीने से लगाया; देखें ये VIDEO
Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल होते छोटे से बंदर के इस वीडियो ने इंटरनेट का दिल जीत लिया है। यह वीडियो महज़ मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन के एक गहरे सच का आईना है कि इस संसार में हर जीव, चाहे वह इंसान हो या जानवर, एक मोड़ पर सहारे की तलाश करता है।
Japanese Monkey Viral: सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर ऐसे वीडियो सामने आते हैं जो हमारी आंखों को नम कर देते हैं। इन दिनों जापान के एक चिड़ियाघर से आया एक वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। यह कहानी है एक नन्हे मकाक बंदर की, जिसकी मासूमियत और संघर्ष ने लाखों लोगों का दिल छू लिया है।
जब अपनों ने ठुकराया, तो खिलौने में मिली 'मां'
यह नन्हा बंदर मात्र छह महीने का है। इसकी कहानी भावुक कर देने वाली है क्योंकि जन्म के बाद इसकी अपनी मां ने ही इसे अपनाने से इनकार कर दिया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि यह छोटा जीव अपनी मां की ममता और गर्माहट के लिए तरस रहा है। वह प्यार पाने के लिए दूसरे बंदरों के पास भी जाता है, लेकिन वहां से उसे सिर्फ दुत्कार और धक्के मिलते हैं। अपनों से दूर होने के बाद, इस नन्हे बंदर ने एक ओरंगुटान यानी कि सॉफ्ट टॉय में अपना सुकून ढूंढ लिया है। वह इस खिलौने से इस कदर चिपका रहता है जैसे वही उसकी असली मां हो।
बेबी बंदर का दिल भरा वीडियो
इस मासूम का जन्म 26 जुलाई 2025 को हुआ था। जन्म के समय इसका वजन मात्र 500 ग्राम था। आपको बता दें, इसकी मां पहली बार मां बनी थी। वह इतनी थकान और तनाव में थी कि उसने अपने बच्चे को खुद से दूर कर दिया।
बंदरों में अक्सर अनुभव की कमी के कारण ऐसा व्यवहार देखा जाता है। आमतौर पर बंदर अपने बच्चों को सीने से लगाकर रखते हैं, लेकिन इस नन्हे मकाक के साथ ऐसा नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें - White Hair: उम्र से पहले क्यों हो रहे हैं बाल सफेद? ये 4 चौंकाने वाली वजहें जान रह जाएंगे दंग
जब मां ने साथ छोड़ दिया, तो जू के केयरटेकर ने इसे पालने की जिम्मेदारी उठाई। उसे अकेलापन न महसूस हो, इसलिए उसे तौलिये और एक मुलायम खिलौना दिया गया। किसी ने नहीं सोचा था कि यह खिलौना उसकी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन जाएगा। वह रात में भी उसी खिलौने से लिपटकर सोता है।
सोशल मीडिया पर उमड़ा प्यार
इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग खास तौर पर इस बंदर को देखने चिड़ियाघर पहुंच रहे हैं। यूजर्स इस पर काफी भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्यार और अपनेपन की जरूरत सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि बेजुबान जानवरों को भी उतनी ही होती है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 21 February 2026 at 11:38 IST