अपडेटेड 6 September 2024 at 11:57 IST
पति का निधन और बेटा मांगता है पैसे, देर रात दिल्ली में रिक्शा चलाती महिला का छलका दर्द, VIDEO वायरल
Women Driver Viral Video: दिल्ली की सड़कों से एक 55 साल की बुजुर्ग महिला का रिक्शा चलाते वीडियो वायरल हो रहा है। वह रात के 12 बजे सड़कों पर रिक्शा दौड़ा रही है।
E-Rickshaw Women Driver Viral Video: मां तो मां होती है...! दिल्ली की सड़कों से एक 55 साल की बुजुर्ग महिला का रिक्शा चलाते वीडियो वायरल हो रहा है। महिला रात के 12 बजे सड़कों पर रिक्शा दौड़ा रही है। उनका कहना है कि वो ये काम पेट पालने के लिए कर रही है। हालांकि उन्होंने इसके पीछे की जो वजह बताई वो मायूस कर देने वाली है।
इस वायरल वीडियो को एक कंटेंट क्रिएटर ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसमें बुजुर्ग महिला बताती है कि बेटे के नहीं कमाने के चलते उन्हें काम करना पड़ता है। उन्होंने यह तक बताया कि उनका बेटा उल्टा उन्हीं से पैसे मांगता है। वह अपनी बुजुर्ग मां से पैसों के लिए लड़ाई-झगड़ा करता है और घर में तोड़-फोड़ मचाता है। इतना ही नहीं उनका बेटा पैसे लेने के लिए अलग-अलग पैंतरे अपनाता है। उसकी इस हरकत से परेशान और आजीवीका चलाने के लिए महिला रात में सड़कों पर रिक्शा चलाने को मजबूर है।
पति के देहांत के अकेले की परवरिश, बेटा नहीं देता सम्मान
इस वायरल वीडियो में बुजुर्ग अपनी आपबीती साझा करती नजर आ रही हैं। वो अपने जवानी के दिनों से लेकर बुढ़ापे तक के संघर्ष को बताती हैं। उनका कहना है कि जब बेटा दो साल का था तभी पति का देहांत हो गया। इसके बाद उन्होंने अकेले ही बेटे की परवरिश की। अकेले ही उसकी सभी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली। इसके बावजूद बेटा उनका सम्मान नहीं करता है। महिला का कहना है कि शायद उनकी परवरिश में कोई कमी रह गई होगी, जिसकी वजह से उनका बेटा 'नालायक' निकला।
महिला ने बताया कि वह रात करीब डेढ़ बजे तक रिक्शा चलाएंगी। इसके बाद घर को लौट जाएंगी। घर जाकर खाना बनाएंगी? इस सवाल पर महिला बताती हैं कि नहीं, वो खाना बनाकर काम पर आती हैं।
बुजुर्ग महिला के जज्बे की दाद दे रहे लोग
'आपके अंदर रात में रिक्शा चलाने और काम करने की हिम्मत कैसे आई?' कंटेंट क्रिएटर के सवाल पर महिला कहती हैं कि भीख मांगने से अच्छा है कि मेहनत-मजदूरी कर ली जाए। कोई भी काम छोटा बड़ा नहीं होता। काम में कोई शर्म नहीं है, लेकिन भीग मांगना शर्मनाक है। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। क्लिप देखने वाले महिला के जज्बे और हिम्मत की दाद दे रहे हैं। साथ ही बुजुर्ग महिला के बेटे के गैर-जिम्मेदाराना रवैये की आलोचना कर रहे हैं।
वीडियो देख क्या बोल रहे यूजर्स?
बुजुर्ग महिला के इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक लाखों बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में यूजर्स खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर का कहना है कि 'कभी हार न मानने वाले दृढ़ निश्चयी और कोमल हृदय वाली मां को सलाम! बहुत सम्मान और प्रेरणा।' दूसरे यूजर ने कहा कि 'कर्मा से डरो। मां-बाप को रूलाने वाले और तकलीफ देने वाले कभी खुशी से नहीं रह सकते।' एक अन्य यूजर ने लिखा- 'आपकी हिम्मत को सलाम। ईश्वर आप पर कृपा बनाए रखे।' एक और ने कहा कि 'ऐसे लोग हमें भी बहुत हिम्मत देते हैं।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 6 September 2024 at 11:57 IST