किराए का मकान देखने पहुंचे पति-पत्नी पर पिटबुल का खौफनाक हमला, देखिए रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV VIDEO

पंजाब के पटियाला से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। नया घर खरीदने की तलाश में निकले पति-पत्नी पर एक खूंखार पिटबुल कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया, अंदर से अचानक निकले पिटबुल ने सीधे दंपत्ति पर झपट्टा मार दिया।

शहर के घुमन नगर से एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है, जिसने पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार शाम एक दंपति जब नए घर की तलाश में निकले, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि एक जानलेवा हमला उनका इंतजार कर रहा है।

डोरबेल बजते ही झपटा पिटबुल

पटियाला निवासी एक दंपत्ति घुमन नगर में किराए का मकान देखने गए थे। उनके साथ एक प्रॉपर्टी डीलर भी मौजूद था। जैसे ही वे बताए गए पते पर पहुंचे और गेट खोला गया, घर के भीतर से एक पिटबुल कुत्ता तेजी से बाहर निकला और सीधे शिफाली पर टूट पड़ा। पिटबुल ने महिला के हाथ और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच लिया। पत्नी को बचाने में अंकित भी लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दंपति को कुत्ते के जबड़े से छुड़ाया। 

पीड़िता की स्थिति इतनी गंभीर थी कि उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां डॉक्टरों को उनकी सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।

CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली वारदात

इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि घर से निकली एक महिला और आसपास के लोग डंडों की मदद से बेकाबू पिटबुल को हटाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।

प्रशासन हुआ सख्त, खतरनाक नस्लों पर लग सकता है बैन

घटना के बाद पीड़ित अंकित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना पर संज्ञान लेते हुए पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि शहर में आक्रामक नस्ल के कुत्तों को पालने पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी नगर निगम की बैठक में इस विषय पर एक विशेष प्रस्ताव लाया जाएगा। पटियाला में कुत्तों के हमले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 9 अगस्त को भी गुरु नानक नगर में एक आवारा कुत्ते ने बच्ची को बुरी तरह काट लिया था। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है।

August 13, 2026

ये भी पढ़ें - जब 8 फीट की दूरी से चला दी थी गोली, अब कृपाण से हमला, दूसरी बार बाल-बाल बचे पूर्व डिप्टी CM; जानिए क्यों निशाने पर हैं सुखबीर सिंह बादल?

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 13 August 2026 at 17:31 IST