अपडेटेड 12 June 2025 at 11:42 IST

इंडिगो फ्लाइट में 'ऑपरेशन सिंदूर' के हीरो ने किया सफर तो खूब हुआ सम्मान, पायलट ने ऐसे कराया इंट्रोड्यूस- VIDEO

'ऑपरेशन सिंदूर' के एक हीरो ने जब इंडिगो की फ्लाइट में सफर किया तो उनका अनोखे अंदाज में सम्मान किया गया। वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

Follow :  
×

Share


BSF Officer Honoured in Indigo Flight | Image: X

BSF Officer Honoured in Indigo Flight: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया। इस दौरान पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी अड्ढों को 'मिट्टी में मिला' दिया गया। इसके बाद पाकिस्तान द्वारा हमले की कोशिश के बाद भारतीय सेना ने उनके 11 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। देश के इस सैन्य कार्रवाई की दुनियाभर में चर्चा है। वहीं दुनिया के सामने पाकिस्तान का चेहरा भी बेनकाब हो चुका है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कायमाबी के बाद पीएम मोदी ने पंजाब के आदमपुर स्थित भारतीय वायुसेना के सैनिकों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी। उन्होंने अपने संबोधन के जरिये जवानों की हौसला अफजाई की और भारत के एयर डिफेंस सिस्टम की सराहना की थी। इस बीच 'ऑपरेशन सिंदूर' के एक हीरो को इंडिगो की फ्लाइट में सम्मानित किया गया है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है।

तालियों के साथ हुआ जोरदार सम्मान

दरअसल, बीएसएफ ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें बीएसएफ के एक वीर जवान ने इंडिगो की फ्लाइट में सफर किया। इसकी जानकारी लगते ही फ्लाइट अटेंडेंट ने उनका अनोखे अंदाज में सम्मान किया। वीडियो में देखा गया कि फ्लाइट अटेंडेंट ने अनाउंसमेंट करते हुए कहा, 'इस उड़ान में एक बेहद खास यात्री का सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है। 7 और 8 की मई को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमा सुरक्षा बल के 165 बटालियन के सहायक उप निरीक्षक राजप्पा बी.डी. जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलीबारी के बीच अपने साथियों की सहायता करते हुए गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। उनके साहसिक और निस्वार्थ काम के लिए आइए उनका सम्मान करे।' इस दौरान फ्लाइड में सफर कर रहे यात्रियों ने खड़े होकर उनके सम्मान में तालियां बजाईं। पूरा विमान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं खुद राजप्पा बी.डी. ने भी खड़े होकर हाथ जोड़े और सभी का आदर सम्मान स्वीकार किया।

BSF ने वीडियो शेयर कर क्या कहा?

इस वीडियो को शेयर करते हुए बीएसएफ ने कैप्शन में लिखा, 'कुछ वीर जन्म से नहीं, कर्म से महान बनते हैं। 10 जून 2025, इंडिगो दिल्ली-बेंगलुरु के विमान कर्मी दल द्वारा बीएसएफ की 165 बटालियन के सहायक उप निरीक्षक राजप्पा बी.डी. द्वारा ऑपरेशन सिंदूर में किए गए वीरोचित कार्य का पुनः स्मरण, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और देश के लिए समर्पण का सम्मान है। सीमा सुरक्षा बल, अपने बहादुर सीमा प्रहरी को सम्मान देने की इंडिगो की इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करता है। सीमा सुरक्षा बल राष्ट्र रक्षा एवं राष्ट्र निर्माण हेतु समर्पित है।'

लोगों ने की इंडिगो के इस पहल की तारीफ

बता दें कि इस वीडियो के सामने आने के बाद से लोग गर्वित महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वीरता वर्दी में नहीं, सोच और कर्म में होती है। वह ASI राजप्पा बी.डी. की गाथा को प्रेरणादायक बता रहे हैं। वहीं कुछ अन्य ने बीएसएफ जवान के साहस और बहादुरी को इस तरह सराहने के लिए इंडिगो की भी तारीफ की।

यह भी पढ़ें: VIRAL: आईब्रो थ्रेडिंग करवाने की जिद पर अड़ी बच्ची, फिर जो हुआ वो वायरल

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 12 June 2025 at 11:42 IST