अपडेटेड 12 October 2025 at 11:58 IST

ना शिकवा ना गिला...करवा चौथ पर नहीं मिली प‍ति को छुट्टी तो सजधज कर स्‍टेशन ही पहुंच गई पत्नी; चांद देख वही तोड़ा व्रत, VIDEO वायरल

Kanpur News: कानपुर सेंट्रल स्टेशन से इस खूबसूरत लम्हे का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि कैसे वो पूजा की थाली लेकर खड़ी है और अपने पति की आरती उतारते हुए करवा चौथ का त्योहार मना रही है।

Follow :  
×

Share


Kanpur News: करवा चौथ का त्योहार हर सुहागन महिला के लिए प्यार और समर्पन का त्योहार होता है। इस दिन पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और शाम में चांद निकलने के बाद उनका दीदार करके ही अपना व्रत तोड़ती हैं। इस करवा चौथ पर उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर कुछ अलग ही देखने को मिला। यहां एक महिला ने स्टेशन पर ही अपने पति के साथ व्रत तोड़ा।

इस खूबसूरत लम्हे का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि कैसे वो महिला पूजा की थाली लेकर खड़ी है और अपने पति की आरती उतारते हुए करवा चौथ का त्योहार मना रही है। रिपब्लिक भारत इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

कानपुर स्टेशन पर कपल ने मनाया करवा चौथ

सामने आई जानकारी की माने तो, उस महिला का पति महेश कुमार एक लोको पायलट है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये दोनों पति-पत्नी कानपुर के जूही इलाके के रहने वाले हैं। करवा चौथ वाले दिन महेश कुमार को अपनी ड्यूटी से छुट्टी नहीं मिली थी। पति तो घर पर आकर करवा चौथ का त्योहार नहीं मना सकते थे, ऐसे में उनकी पत्नी ने ही रेलवे स्टेशन जाकर व्रत तोड़ने का फैसला किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि कैसे वो महिला करवा चौथ वाले दिन सज संवर कर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। उसने अपना सिर लाल चुनरी से ढका हुआ था। वो हाथों में पूजा की थाली लेकर स्टेशन पहुंचीं और अपने पति के साथ करवा चौथ की पूजा करते हुए व्रत तोड़ा। महिला का नाम माया कुरील बताया जा रहा है।

वीडियो हुआ वायरल

खबरों की माने तो, महेश कुमार की उस दिन दोपहर 2 बजे से लेकर रात 10 बजे तक ड्यूटी थी। उसके बाद उन्हें फ्री होने में एक-डेढ़ घंटा लग जाता और वो रात को 1 बजे तक घर पहुंचते। उनकी पत्नी का निर्जला व्रत था इसलिए वो स्टेशन ही आ गईं और पति का दीदार कर अपना करवा चौथ का व्रत तोड़ा। आसपास मौजूद लोग इस खुशनुमा पल को अपने कैमरे में कैद करने लगे जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली निकल रहे थे तेजस्वी यादव, आवास के बाहर RJD कार्यकर्ताओं ने क्यों घेर लिया? जाते-जाते किया बड़ा वादा

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 12 October 2025 at 11:58 IST