Rajasthan Nikay Chunav: मिठाई के डिब्बों में 500-500 के नोट और कलाकंद... इस प्रत्याशी का नाम और स्टिकर चस्पा, अलवर का VIDEO VIRAL

अलवर में पहले वार्ड-42 स्थित दिवाकरी इलाके का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मिठाई के डिब्बों में कलाकंद के साथ 500-500 रुपए के नोट रखे हुए दिखाई दे रहे हैं।

Rajasthan News: राजस्थान में आज नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। लेकिन वोटिंग शुरू होने से ठीक एक रात पहले अलवर शहर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में मिठाई के डिब्बों के भीतर 500-500 रुपये के नोट रखे हुए दिखाई दे रहे हैं।

दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अलवर के वार्ड संख्या 42 स्थित दिवाकरी इलाके का है, जहां कथिततौर पर मतदाताओं को लुभाने और वोट की खरीद-फरोख्त के लिए देर रात ये डिब्बे बांटे जा रहे थे। वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हंगामा खड़ा हो गया है।

कलाकंद के डिब्बों में मिले 500 के नोट

वीडियो में देखा जा सकता है कि मिठाई के डिब्बों में कलाकंद के साथ 500-500 रुपए के नोट रखे हुए हैं। दावा किया जा रहा है कि इन डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा की फोटो वाले स्टीकर चस्पा थे।

देर रात घूम रही थी संदिग्ध कार 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब 1 बजे एक संदिग्ध कार इलाके में घूम रही थी। जब कुछ लोगों ने शक होने पर पीछा किया, तो कार सवार लोग घबरा गए। भीड़ को इकट्ठा होता देख वे लोग कार और मिठाई के डिब्बे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने जब डिब्बे खोले तो उनमें मिठाई के साथ कैश मिला।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का विरोध शुरू हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और निर्वाचन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

पहले चरण की वोटिंग आज

बता दें कि राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनावों दो चरण में हो रहे हैं। पहला चरण के तहत वोटिंग आज यानी 9 सितंबर को हो रही है। वहीं दूसरे चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी। जबकि नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे

यह भी पढ़ें: CM कुर्सी से प्रधान सेवक तक... PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल, 1 महीने तक 'सेवा संकल्प अभियान' में क्या-क्या होगा? नितिन नबीन ने बताया प्लान
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 9 September 2026 at 14:43 IST