अमरनाथ में पिघल गए और यहां आ गए... आगरा में 'फ्रिजर वाले शिवलिंग' के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़, भजन गाती पहुंचीं महिलाएं; देखें VIDEO

आगरा के एक घर में फ्रिज के फ्रीजर के भीतर बर्फ की एक अनोखी आकृति उभरी है, जो हूबहू शिवलिंग जैसी दिख रही है। इस चमत्कार की खबर फैलते ही दूसरे दिन भी इसे देखने और पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इस बार न सिर्फ स्थानीय लोग, बल्कि आसपास के कई दूसरे मोहल्लों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

agra-fridge-shivling-second-day-women-arrive-for-worship-ice-shiva-lingam | Image: X

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर के फ्रिज में अचानक बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बन गई। यह खबर फैलते ही पूरे इलाके में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। अब मोहल्ले के लोगों ने बाकायदा भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना शुरू कर दी है, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।

फ्रिज खोलते ही रह गए हैरान

यह पूरा मामला आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक परिवार ने जब अपने घर का फ्रिज खोला, तो वे दंग रह गए। डीप फ्रीजर के अंदर बर्फ का एक ढांचा बिल्कुल शिवलिंग के आकार में ढला हुआ था। शुरुआत में परिवार के लोगों ने इसे चमत्कार मानकर पूजा शुरू की। लेकिन जैसे ही यह बात घर की चारदीवारी से बाहर निकली, देखते ही देखते वहां लोगों का हुजूम जुट गया। पूरा इलाका 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा।

महिलाओं ने शुरू किया कीर्तन और आरती

इस अनोखे 'बर्फानी बाबा' को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं की है। महिलाओं ने टोली बनाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया है। शिवलिंग के सामने दीये जलाकर आरती की जा रही है और बाकायदा भोग लगाकर प्रसाद बांटा जा रहा है। लोग इसे भगवान शिव का साक्षात चमत्कार मान रहे हैं।

बुजुर्ग ने सुनाई अमरनाथ के कबूतरों की कथा

भीड़ के बीच मोहल्ले के एक बुजुर्ग बाबा भी वहां पहुंचे। उन्होंने इस आकृति को देखकर लोगों को अमरनाथ गुफा की महिमा और वहां रहने वाले अमर कबूतरों के जोड़े की पौराणिक कथा सुनाई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अमरनाथ गुफा के इन कबूतरों को अमर होने का वरदान मिला हुआ है और इन्हें साक्षात शिव-शक्ति का प्रतीक माना जाता है। बुजुर्ग की बातें सुनकर लोगों की आस्था और गहरी हो गई।

अमरनाथ के 'बाबा बर्फानी' से जोड़ रहे लोग

स्थानीय लोग फ्रिज में बनी इस आकृति को सीधे अमरनाथ के बाबा बर्फानी से जोड़कर देख रहे हैं। दरअसल, इन दिनों अमरनाथ यात्रा चल रही है, लेकिन ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते तापमान के कारण गुफा का प्राकृतिक शिवलिंग समय से पहले ही तेजी से पिघल गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 57 दिनों की यात्रा पूरी होने से पहले ही अमरनाथ का शिवलिंग 90 फीसदी से ज्यादा पिघल चुका है। ऐसे में श्रद्धालु आगरा में दिखे इस बर्फ के शिवलिंग को बाबा बर्फानी का ही रूप मानकर पूज रहे हैं।

July 15, 2026

ये भी पढ़ें - हाथ पकड़कर भीड़ से बचाया...मेधा शंकर नहीं, इस मिस्ट्री गर्ल को डेट कर रहे हैं समय रैना, वायरल हुआ वीडियो

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 15 July 2026 at 12:39 IST