अपडेटेड 29 December 2025 at 23:02 IST
60 साल की महिला का 40 साल के आदमी ने थामा हाथ, शादी पर मिले तरह-तरह के ताने, ऐसे मिली कपल को हैप्पी एंडिंग
40 साल के निखिल ने ना केवल 60 साल की तलाकशुदा महिला गीता से सच्ची मोहब्बत की, बल्कि उनसे शादी रचाकर खुशहाल जिंदगी भी काट रहे हैं।
सच्चा प्यार ना उम्र देखता है, ना उसे सामाजिक बेड़ियां रोक सकती हैं और ना ही उसे समाज के ताने सुनाई देते हैं। रंग-रूप से कई गुना आगे की चीज होती है प्यार। ऐसी ही एक प्रेम की मिसाल देती है निखिल और गीता की कहानी। 40 साल के निखिल ने ना केवल 60 साल की तलाकशुदा महिला गीता से सच्ची मोहब्बत की, बल्कि उनसे शादी रचाकर खुशहाल जिंदगी भी काट रहे हैं।
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे ने गीता और निखिल की कहानी साझा की है। इस कहानी में गीता ने खुलासा किया कि कैसे लोग उनकी जोड़ी को ताने दिया करते थे और निखिल से कहते- 'भाई कहां इस बुढ़िया से शादी कर रहा है?’, ‘अरे, इसे भाभी बुलाऊं या मौसी?’
40 साल के निखिल को हुआ 60 साल की गीता से प्यार
गीता ने आगे बताया कि कैसे लोगों की बातें सुनकर वो भी इस रिश्ते को लेकर सोच में पड़ गईं और उन्हें ऐसा लगने लगा कि क्या वो वाकई निखिल के साथ गलत तो नहीं कर रही हैं। समाज के तानों का उनपर इतना गहरा असर हुआ कि उन्होंने निखिल की मां से ये तक कह दिया कि वो अपने बेटे के लिए कोई सूटेबल वाइफ ढूंढ लें।
गीता की पहली शादी 28 सालों तक चली। वो उनकी जिंदगी का पहला प्यार थे। लोगों को ये जोड़ी परफेक्ट लगती थी। फिर धीरे-धीरे सब बदलने लगा। उनके पति महीनों-महीनों तक घर नहीं आते थे। एक दिन उन्होंने गीता को तलाक के कागज थमा दिए। उन्होंने अपने पति के आगे खूब भीख मांगी, गिड़गिड़ाईं लेकिन फिर भी वो उन्हें छोड़कर चले गए। तलाक के एक महीने बाद ही उनके पति ने किसी जवान महिला के साथ फोटो भेजी और कहा कि वो उससे शादी कर रहे हैं।
ऐसे हुई निखिल और गीता की पहली मुलाकात
गीता ने इतना झेलने के बाद भी पांच साल तक उस आदमी का इंतजार किया। उसने उनके बेटे को भी गीता के खिलाफ कर दिया। फिर गीता की जिंदगी में निखिल आए और उनकी बेरंग जिंदगी में फिर रंग भरने लगे। दोनों की पहली मुलाकात डॉग वैक्सीनेशन ड्राइव पर हुई थी। निखिल उन्हें उनके फेसबुक पोस्ट के जरिए जानते थे। जानवरों को लेकर उनका प्यार इस प्रेम कहानी का पहला कनेक्शन बना। रिश्ते में धीरे-धीरे भरोसा आया, कंफर्ट आया और तीन साल बाद उनका रिश्ता काफी गहरा हो गया।
उस समय उनके रिश्ते को समाज ने बहुत ही गलत नजरों से देखा। लोगों ने निखिल को गीता के खिलाफ कान भरने भी शुरू कर दिए। फिर भी निखिल का प्यार जरा भी डगमगाया नहीं और उन्होंने 11 दिसंबर 2020 को अपने घरवालों की रजामंदी से हमेशा के लिए गीता का हाथ थाम लिया। उनकी लव स्टोरी ये साबित करती है कि जब हमें कोई इंसान पसंद आ जाए, तो आसपास की पूरी दुनिया धुंधली हो जाती है और हमें केवल वही इंसान दिखता है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 29 December 2025 at 23:02 IST