Tata Sierra: टाटा मोटर्स को धुरंधर जैसी कामयाबी दिला रही है सिएरा, 3 महीने में बेच डाली 25000 गाड़ी, जानिए अब कब मिलेगी आपकी चहेती SUV
Tata Sierra अपने लॉन्च से ही लगातार चर्चा में बनी रहती है। गाड़ी की बिक्री के रिकार्ड हर महीने टूटते जा रहे हैं। अब मार्च महीने में पिछले 2 महीनों के रिकॉर्ड टूट गए हैं।
Tata Sierra अपने लॉन्च से ही लगातार चर्चा में बनी रहती है। 90 के दशक में आई Sierra को रि लॉन्च करते हुए टाटा मोटर्स ने भी शायद नहीं सोचा होगा कि ये गाड़ी उनकी इतनी कामयाब होगी। वरना कंपनी इस गाड़ी को कुछ साल पहले भी लॉन्च कर सकती थी। लेकिन जब बुकिंग के पहले ही दिन टाटा की इस मिड साइज़ SUV को 70 हजार यूनिट से ज्यादा की बुकिंग मिली थी तब से सिर्फ टाटा मोटर्स ही नहीं पूरे ऑटो बाजार को पता चल गया कि सिएरा क्या चीज है। गाड़ी की बिक्री के रिकार्ड हर महीने टूटते जा रहे हैं। अब मार्च महीने में पिछले 2 महीनों के रिकॉर्ड टूट गए हैं।
मार्च में कितनी हुई डिलीवरी
वर्ष 2026 के पहले महीने जनवरी में टाटा ने सिएरा की डिलीवरी शुरू की थी। पहले महीने में कंपनी 7003 यूनिट की डिलीवरी कर पाई थी। जिसके बाद फरवरी के महीने में आगे बढ़ते हुए 7100 गाड़ियों की डिलीवरी हुई थी। लेकिन अब मार्च महीने में पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए Tata Sierra ने 9003 गाड़ियों की डिलीवरी की।
पहली तिमाही में आंकड़ा पहुंचा 25,000 के पार
इससे वर्ष 2026 की पहली तिमाही में टाटा मोटर्स ने 25,000 से ज्यादा टाटा सिएरा की डिलीवरी कर दी है। हालांकि लॉन्च के पहले दिन की बुकिंग 70,000 से ज्यादा रही थी। इसके बाद कंपनी ने बताया था कि बुकिंग 1 लाख के पार पहुंच चुकी थी।
फिर अब कब मिलेगी Tata Sierra
भले ही कंपनी टाटा सिएरा की डिलीवरी में लगातार बढ़ोतरी कर रही है। लेकिन फिर भी भारी बुकिंग्स के चलते हर महीने वेटिंग टाइम बढ़ता जा रहा है। पिछले महीने तक Sierra पर 5 महीने का वेटिंग टाइम था लेकिन अब ये बढ़कर 7 महीने तक का हो गया है।
Tata Sierra के फीचर्स
Tata Sierra का बॉक्सी डिजाइन, LED लाइट बार, फ्लश डोर हैंडल्स और शानदार कलर्स इसका सबसे बड़ा आकर्षण है। गौरतलब है कि यह गाड़ी अपने सेगमेंट की सबसे लंबे व्हीलबेस, ऊंचाई, चौड़ाई और बूट स्पेस वाली SUV भी है। टाटा ने सिएरा को अंडमान एडवेंचर (येलो), कूर्ग क्लाउड्स (सिल्वर), बंगाल रॉग (रेड), मुन्नार मिस्ट (ग्रीन-ग्रे), प्रिस्टाइन वाइट, और प्योर ग्रे जैसे 6 आकर्षक कलर्स में उपलब्ध है।
इसमें पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रिक टेलगेट और 6 एयरबैग्स लगाए गए हैं। इस गाड़ी को Bharat NCAP से 5 स्टार रेटिंग भी मिली है जो बताता है कि ये काफी सुरक्षित गाड़ी है। टाटा ने ADAS के साथ ही गाड़ी के 2 पेट्रोल और एक डीजल इंजन के विकल्प ग्राहकों के लिए रखे हैं। इसके अलावा गाड़ी में ट्रिपल स्क्रीन, डॉल्बी एटमॉस साउन्ड मिलती है। माइलेज की बात करें तो Tata Sierra पेट्रोल वेरिएंट में 16-18 kmpl और डीजल वेरिएंट में 18-20.5 kmpl मिलती है।
Tata Sierra की कीमत
Tata Sierra के पेट्रोल वेरिएंट्स की एक्स शोरूम कीमत 11.49 लाख रुपये से शुरू होकर 20.99 लाख रुपये तक जाती है। वहीं डीजल वेरिएंट्स की एक्स शोरूम कीमत 12.99 लाख रुपये से शुरू होकर 21.29 लाख रुपये तक जाती है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 12 April 2026 at 10:24 IST