अपडेटेड 15 July 2025 at 16:22 IST

Shubhanshu Shukla: पिता के हाथ में भारत का तिरंगा तो मां की आंखों से छलके आंसू... शुभांशु के धरती पर लैंड करते वक्त लखनऊ में कैसा था माहौल, VIDEO

शुभांशु शुक्ला की वापसी पर उनके माता-पिता काफी भावुिक नजर आ रहे हैं। पिता के हाथ में तिरंगा है, तो माता के आंखों से आंसू छलक रहे हैं।

ISS से शुभांशु शुक्ला की सफलतापूर्वक वापसी पर माता-पिता के आंखों से छलका आंसू। | Image: ANI

आखिरकार 18 दिन ISS में बिताने के बाद भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की पृथ्वी पर सकुशल वापसी हो गई है। शुभांशु शुक्ला ने भारत का नाम रोशन कर दिया। ISS से करीब 22 घंटे का सफर तय करने के बाद शुभांशु की धरती पर वापसी हुई है। वहीं शुभांशु के परिवार ने उनके वापसी का लाइव प्रसारण देखा। बेटे की वापसी पर शुभांशु के माता-पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए।

शुभांशु के सफलतापूर्वक उतरने के बाद उनकी मां के आंखों से आंसू छलक आए और उन्होंने राहत की सांस ली। वहीं शुभांशु के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने उन्हें सांत्वना दी, क्योंकि अंतरिक्ष से अपने बेटे की सुरक्षित वापसी देखकर उनकी मां भावुक हो गईं। पिता के हाथ में भारत की आन बान और शान तिरंगा था।

परिवार ने ऐसे मनाया जश्न

इससे पहले, आशा ने अपने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताई थी और बताया था कि उन्हें उस पर कितना गर्व है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए, परिवार ने इतिहास रचने के बाद शुभांशु की घर वापसी के सम्मान में तीन-स्तरीय केक काटकर जश्न मनाया।

शुभांशु की वापसी से पहले क्या बोले पिता?

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए, शुभांशु शुक्ला के पिता ने कहा, "हम बहुत खुश और उत्साहित हैं और उसका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। अनडॉकिंग शाम लगभग 4:30 बजे होगी। हमें अपने बेटे पर बहुत गर्व है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उसका मिशन पूरा हो गया। हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारा बेटा इतनी ऊंचाइयों को छुएगा। यह हमारे देश और देश के लोगों के लिए गर्व की बात है। मैं उन सभी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने हमारे बेटे के लिए प्रार्थना की।"

शुभांशु शुक्ला की मां ने बेटे की वापसी पर क्या कहा?

भारतीय एस्ट्रोनॉट की माँ आशा शुक्ला ने अपनी खुशी और राहत जताते हुए कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है; हम सब बहुत खुश हैं। हमने दुआ की थी कि वे सब सकुशल वापस आ जाएं। हम 18-20 दिन बाद अपने बेटे से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं। हमें अपने बेटे पर बहुत गर्व है।"

भाई शुभांशु के लिए प्राथर्ना कर रही बहन शुचि

बता दें, इससे पहले, शुक्ला की बहन शुचि मिश्रा ने कहा, "आज फिर से हम वही भावनाएं महसूस कर रहे हैं जो उस दिन थीं जब वह मिशन पर गया था। जब वह वापस आएगा तो हम खूब जश्न मनाएंगे। हर दिन, हम प्रार्थना करते थे और ईश्वर का धन्यवाद करते थे। जब हम उससे बात करते थे, तो वह बहुत खुश लग रहा था। एक पायलट और अब एक अंतरिक्ष यात्री होने के नाते, उसने हमारे देश की अलग ही खूबसूरती देखी होगी, और इसमें कोई शक नहीं कि 'सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा'।"

इसे भी पढ़ें: 'मैं शुभकामनाएं देता हूं लेकिन इस बार किसी SC-ST-OBC को भेजना चाहिए था, राकेश शर्मा के समय...', शुभांशु शुक्ला पर ये क्या बोल गए उदित राज

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 15 July 2025 at 16:22 IST