WhatsApp का भी 'बॉस' बना भारत, कुणाल शाह बनेंगे नए सीईओ, जानिए कौन हैं ये जिनके पीछे जुकरबर्ग भी हो गए फिदा

गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब मेटा ने अपने WhatsApp का नया CEO किसी भारतीय को चुना। कुणाल शाह व्हाट्सऐप के अगले ग्लोबल सीईओ होंगे, जो वर्तमान सीईओ Will Cathcart की जगह लेंगे।

WhatsApp CEO Kunal Shah | Image: Republic

WhatsApp का यूं तो पूरी दुनिया भर के लगभग सभी देशों में इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अमेरिकी कंपनी Meta के इस प्लेटफॉर्म का भारत में बहुत बड़ा बाजार है। यही कारण है कि गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब मेटा ने अपने व्हाट्सऐप का नया सीईओ किसी भारतीय को चुना। कुणाल शाह व्हाट्सऐप के अगले ग्लोबल सीईओ होंगे, जो वर्तमान सीईओ Will Cathcart की जगह लेंगे। 

कौन हैं कुणाल शाह 

कुणाल शाह भारत के एक सफल उद्यमी हैं जिन्होंने पहले पैसाबैक और फिर वर्ष 2010 में सह-संस्थापक के रूप में Freecharge नाम से एक ऑनलाइन बिल पेमेंट प्लेटफॉर्म शुरू किया था। फ्रीचार्ज प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को अपने मोबाइल रिचार्ज, इंटरनेट, टेलीफोन, बिजली, पानी, आदि जैसी कई सेवाओं के बिल जमा करने की सुविधा मिलती थी। हालांकि सन 2015 में उन्होंने इसे स्नैपडील को बेच दिया था जिसके बाद सन 2017 में इसे ऐक्सिस बैंक ने खरीद लिया था। 

सन 2018 में कुणाल शाह ने अपना एक नया फिनटेक स्टार्टअप CRED शुरू किया था। वर्तमान में कुणाल CRED से ही संस्थापक के रूप में जुड़े हुए हैं। इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को उनके क्रेडिट कार्ड बिल समय से जमा करने पर इनाम दिए जाते हैं। हालांकि बाद में यूजर्स को इस प्लेटफॉर्म पर लोन जैसी कई अन्य सेवाएँ भी मिलने लगी।    

बता दें कि क्रेड के 1.7 करोड़ से ज्यादा मासिक यूजर्स हैं। यही कारण है कि 47 वर्ष के कुणाल शाह के नेतृत्व में क्रेड एक स्टार्टअप से आज देश की सबसे बड़ी फिनटेक कंपनियों में से एक बन गई है।  

कुणाल की कंपनी में Meta करेगा निवेश  

बड़ी बात यह भी है कि मेटा ना सिर्फ कुणाल शाह को अपने इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप का बॉस बनाने जा रहा है बल्कि उनकी कंपनी क्रेड में भी करीब 900 करोड़ निवेश करेगा। 

मार्क जुकरबर्ग क्या बोले 

Meta के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि 7 वर्षों तक वॉट्सऐप के प्रमुख रहने के बाद अब विल कैथकार्ट ने अपना यह पड़ छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कैथकार्ट ने अपने नेतृत्व में व्हाट्सऐप को 3 अरब यूजर्स तक पहुंचाने का शानदार काम किया। कैथकार्ट ने पहुंच बढ़ाने के साथ यूजर्स की प्राइवेसी को मजबूत करने में भी बड़े कदम उठाए। 

जकरबर्ग ने नए सीईओ कुणाल शाह की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि क्रेड को भारत की सबसे बड़ी फिनटेक कंपनियों में से एक बनाने वाले कुणाल शाह अब व्हाट्सऐप के नए सीईओ बनेंगे। उन्होंने कहा कि कुणाल के साथ मिलकर व्हाट्सऐप को और बेहतर बनाने का काम करेंगे। 

CRED के प्रति भूमिका बदलेगी, प्रतिबद्धता नहीं- कुणाल शाह 

व्हाट्सऐप के नए सीईओ बनने पर कुणाल शाह ने भी अपनी प्रतिक्रिया X पर एक पोस्ट करके दी। उन्होंने फ्रीचार्ज से क्रेड की यात्रा याद करते हुए कहा “CRED अपने अगले फ़ेज़ के लिए तैयार है। मैं अपनी भूमिका से हट रहा हूँ और मितेन संपत अंतरिम सीईओ के तौर पर ज़िम्मेदारी संभालेंगे। उनके साथ एक बहुत ही काबिल टीम है। वे 2020 से ही स्ट्रैटेजी और फ़ाइनेंस का काम देख रहे हैं और मेरे साथ काम कर रहे हैं। मैं ऑपरेशनल भूमिका से हट रहा हूँ लेकिन शेयरहोल्डर बना रहूँगा। मेरी प्रतिबद्धता में कोई बदलाव नहीं आएगा, बस भूमिका बदलेगी।”

कुणाल शाह ने आगे कहा "मैं अपने सदस्यों, पार्टनर्स, रेगुलेटर्स और इन्वेस्टर्स का बहुत आभारी हूँ जिन्होंने इसे मुमकिन बनाया। साथ ही, हमारे बोर्ड के सदस्यों - शैलेंद्र, मिकी और सौरभ - का भी शुक्रिया, जिन्होंने हम पर इतना भरोसा जताया। CRED टीम, मुझे उम्मीद है कि आप सभी अपने काम में पहले से कहीं ज़्यादा बेहतर प्रदर्शन करेंगे। जहाँ तक मेरी बात है, मैं व्हाट्सऐप के ग्लोबल ऑपरेशन्स को लीड करने के लिए मेटा से जुड़ रहा हूँ। Meta, CRED में एक माइनॉरिटी इन्वेस्टर के तौर पर शामिल हो रहा है। उन्हें सदस्यों के डेटा का कोई एक्सेस नहीं मिलेगा।

WhatsApp ने अब तक बहुत तरक्की की है, लेकिन इसकी पूरी क्षमता और आज की स्थिति के बीच अभी भी बहुत बड़ा अंतर है। मैं WhatsApp की यात्रा के अगले चरण के लिए मार्क, क्रिस और मेटा की लीडरशिप टीम के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूँ। विल, दुनिया जिस पर चुपचाप भरोसा करती है, ऐसी चीज़ को इतना बड़ा बनाने और इस बदलाव को आसान बनाने के लिए आपका धन्यवाद।"

इसे भी पढ़ें- FIFA के लिए WhatsApp ने फुटबॉल की इमोजी बदली Trionda बॉल में

 

 

 

Published By : Kritarth Sardana

पब्लिश्ड 23 June 2026 at 12:17 IST