Microsoft सर्वर घंटों से डाउन, रिकवरी के अब तक के प्रयास फेल, Outlook,Teams और AI तक प्रभावित; दुनियाभर के यूजर्स परेशान

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई रुकावट के कारण आउटलुक, टीम्स और अन्य माइक्रोसॉफ्ट 365 एप्लिकेशन पिछले पांच घंटे से अधिक समय तक ठप रहीं। कंपनी रिकवरी के लगातार प्रयास कर रही है।

Microsoft सर्वर घंटों से डाउन | Image: Reuters

माइक्रोसॉफ्ट की कई ऑनलाइन सेवाओं में अचानक बड़ी तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके चलते दुनियाभर के लाखों यूजर्स को Outlook, Microsoft Teams और Microsoft 365 का इस्तेमाल करने में भारी दिक्कत हो रही है। इस समस्या की वजह से कई दफ्तरों में काम ठप पड़ गया है। दुनियाभर के यूजर्स को भारी परेशान हो रही है।

अमेरिका में हजारों यूजर्स के कंप्यूटर सर्विस गुरुवार को अचानक से ठप हो गईं। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई रुकावट के कारण आउटलुक, टीम्स और अन्य माइक्रोसॉफ्ट 365 एप्लिकेशन पिछले पांच घंटे से अधिक समय तक ठप रहीं। इससे हजारों उपयोगकर्ता प्रभावित हुए और ओपनएआई (OpenAI), एंथ्रोपिक (Anthropic) की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेवाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कनेक्टर्स में भी दिक्कतें आईं।

माइक्रोसॉफ्ट प्रभावित सर्वर को बहाल करने में जुटा

ईस्टर्न टाइम (ET) के अनुसार शाम 6 बजे से, माइक्रोसॉफ्ट प्रभावित सर्वरों को बहाल करने के काम में जुटा है। कंपनी ने बताया कि सेवाओं में आंशिक सुधार हुआ है और उपयोगकर्ता धीरे-धीरे फिर से इनसे जुड़ पा रहे हैं। डाउनडिटेक्टर (Downdetector) के अनुसार, आउटलुक में समस्याओं की रिपोर्ट दोपहर 1 बजे (ET) के आसपास सबसे ज्यादा (1,38,058) थीं, जो गुरुवार शाम तक घटकर लगभग 34,490 रह गईं।

ओवर लोड के कारण आई दिक्कत-माइक्रोसॉफ्ट

माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से बताया गया कि यह रुकावट ट्रैफिक बढ़ने के कारण नहीं, बल्कि अत्यधिक लोड के चलते कुछ सर्वरों के अचानक काम करना बंद कर देने की वजह से हुई थी। माइक्रोसॉफ्ट के एक प्रवक्ता के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, "हमें पता है कि उपयोगकर्ताओं को माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाओं, खासकर एक्सचेंज ऑनलाइन (Exchange Online) के साथ समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, और हम इसकी जांच कर रहे हैं।"

इन सेवाओं पर सबसे ज्यादा असर

इस तकनीकी गड़बड़ी का सबसे ज्यादा असर Outlook और Exchange Online पर पड़ा। Exchange Online माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड-आधारित ईमेल सेवा है, जिसके जरिए Outlook ईमेल, कैलेंडर और कॉन्टैक्ट जैसी सुविधाएं मुहैया कराता है। कई यूजर्स अपने ईमेल अकाउंट खोलने में नाकाम रहे। कुछ लोगों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में समस्या आई, जबकि कई यूजर्स ने शिकायत की कि Outlook का इनबॉक्स लोड ही नहीं हो रहा है। लॉग-इन करने में भी कई लोगों को परेशानी हुई।

कंपनी ने बताया कि बहाल किए गए सर्वर स्थिर हैं। साथ ही, बाकी प्रभावित सर्वरों को वापस ऑनलाइन लाने के काम के साथ-साथ, जहां संभव हो वहां ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा रहा है। जैसे-जैसे क्षमता बहाल होगी, उपयोगकर्ता धीरे-धीरे सेवाओं की वापसी देख सकेंगे क्योंकि उनके क्लाइंट फिर से कनेक्ट होने लगेंगे।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र- बोले PM मोदी

 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 13 November 2026 at 13:55 IST