Samsung Galaxy A37 5G Review: स्लिम ट्रिम डिजाइन में जबरदस्त फीचर्स वाला सैमसंग फोन, लेकिन कैमरा और बैटरी का क्या है हाल, जानिए
Samsung Galaxy A37 5G Review: रिपब्लिक भारत पर आप पहले ही Galaxy A57 का मेरा रिव्यू पढ़ चुके हैं। इसके बाद मैंने कुछ दिन Samsung Galaxy A37 5G को इस्तेमाल कर अच्छे से जाना। अब मुझे Galaxy A37 कैसे लगा ये मैं अपने इस रिव्यू में आपको बताने जा रहा हूं।
- टेक्नोलॉजी न्यूज
- 8 min read
कृतार्थ सरदाना। Samsung Galaxy A37 5G Review: सैमसंग ने इस वर्ष मार्च के महीने में अपनी गैलेक्सी ए सीरीज से 2 नए स्मार्टफोन Galaxy A57 और Galaxy A37 लॉन्च किये थे जिनकी सेल अप्रैल से शुरू हो गई थी। रिपब्लिक भारत पर आप पहले ही Galaxy A57 का मेरा रिव्यू पढ़ चुके हैं। इसके बाद मैंने कुछ दिन Samsung Galaxy A37 5G को इस्तेमाल कर अच्छे से जाना। अब मुझे Galaxy A37 कैसे लगा ये मैं अपने इस रिव्यू में आपको बताने जा रहा हूं। यहां यह भी बता दूं कि Galaxy A37 फोन सैमसंग के Galaxy A36 5G का अपग्रेड वेरिएंट है।
डिजाइन कैसा है
यह फोन Awesome Lavender, Awesome Graygreen, और Awesome Charcoal जैसे 3 कलर्स में बाजार में उपलब्ध है। मेरे पास कंपनी ने इस फोन का लैवेंडर कलर भेजा है जो सच में ऑस्म (Awesome) है। यह कलर लड़कियों को ज्यादा भाएगा। इस फोन की मोटाई कंपनी के पिछले Galaxy A36 के समान ही 7.4 एमएम रखी गई है। इस फोन का वजन मात्र 196 ग्राम है। इस कारण फोन को बहुत देर तक लगातार हाथ में पकड़े रखने पर भी थकावट महसूस नहीं होती है। स्क्रीन पर पतले बेज़ल लगाए गए हैं। इससे फोन में डिस्प्ले ज्यादा बेहतर दिखता है।
फोन की फ्रंट और बैक दोनों साइड पर गोरिला ग्लास विक्टस प्लस ग्लास लगाया हुआ है। इससे यह एक मजबूत फोन है। रिव्यू के दौरान मैंने भी इस फोन का ड्रॉप टेस्ट किया लेकिन फोन को कुछ नहीं हुआ और फोन इस टेस्ट में पास हो गया। इस फोन के फ्रेम पॉलीकार्बोनेट से बने हैं जो इसे मजबूती प्रदान करने का काम करते हैं।
Samsung Galaxy A37 5G फोन की राइट साइड पर वॉल्यूम रॉकर्स और पावर बटन मिलता है। लेफ्ट साइड पूरी तरह खाली रखी गई है। टॉप साइड पर सेंसर और सेकेंडरी माइक्रोफोन को जगह दी गई है तो वहीं बॉटम साइड में सिम ट्रे, माइक्रोफोन, टाइप सी जैक और स्पीकर ग्रील मौजूद हैं। फोन में पंच होल फ्रंट कैमरा मिलता है जो स्क्रीन के अंदर लगाया गया है जिसे सैमसंग की भाषा में Infinity O डिस्प्ले कहा जाता है।
फोन की बैक साइड पर जाए तो कैमरा बार में तीनों कैमरा को अच्छे से डिजाइन किया गया है। हालांकि कैमरा बंप के कारण Galaxy A37 5G टेबल पर पड़े हुए थोड़ा असंतुलित रहता है। इस कारण इस्तेमाल करते हुए फोन थोड़ा हिलता-डुलता रहता है। फोन की बैक साइड पर सैमसंग की ब्रांडिंग लाइट कलर में हुई है। इससे ध्यान से देखने पर ही सैमसंग लिखा हुआ दिखाई देता है।
कुल मिलाकर Samsung Galaxy A37 5G का डिजाइन अच्छा है। फोन को हाथ में पकड़े हुए एक प्रीमियम ग्लॉसी फिनिश फोन वाली अच्छी फील आती है।
डिस्प्ले कितना शानदार है
इस फोन में 6.7 इंच की स्क्रीन पर Full HD+ Super AMOLED डिस्प्ले मिलता है। सैमसंग के इस फोन में 1080 x 2340 पिक्सेल का रेजोल्यूशन मिलता है। इस फोन में 1900 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है जिस कारण धूप में भी फोन का डिस्प्ले अच्छा दिख जाता है। फोन में 120 hz का रिफ्रेश रेट दिया गया है।
मैंने इस फोन में यूट्यूब पर Narendra Modi चैनल और Republic Bharat का चैनल देखा। इसके साथ ही फोन में 'वेलकम टू द जंगल' और ‘चौहान’ फिल्म का ट्रेलर और टीजर देखा। मुझे इस फोन का डिस्प्ले अच्छा लगा। फोन के पतले बेजेल से स्क्रीन पर डिस्प्ले अधिक और बेहतर हो जाता है। यह सब पतले बेजेल और Super AMOLED टेक्नोलॉजी होने के कारण बहुत अच्छे से दिखा। इसके साथ ही फोन में मौजूद विजन बूस्टर टेक्नोलॉजी फीचर है जो वीडियो देखते हुए एक्टिव हो जाता है और कंटेंट को ज्यादा बेहतर दिखाने का काम करता है।
परफ़ॉर्मेंस में कैसा है
Samsung Galaxy A37 5G स्मार्टफोन में Exynos 1480 प्रोसेसर लगाया गया है। लेकिन Galaxy A36 5G में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर लगाया गया था। यह फीचर इन दोनों फोन को अलग और बेहतर बनाता है। Exynos 1480 सैमसंग का अपना प्रोसेसर है जो Snapdragon 6 Gen 3 से तेज और बेहतर प्रोसेसर है।
इसके साथ ही पहली बार Galaxy A सीरीज में सैमसंग ने IP68 की रेटिंग दी है जो फोन को धूल मिट्टी के साथ पानी में भीगने पर भी सुरक्षित रहने को लेकर प्रमाणित करती है। यह फोन 8 GB रैम + 128 GB स्टोरेज, 8 GB रैम + 256 GB स्टोरेज और 12 GB रैम + 256 GB स्टोरेज जैसे 3 वेरिएंट में आता है। इस फोन में LPDDR5X रैम लगाई गई है।
Samsung Galaxy A37 5G फोन में रियल क्रिकेट गेम खेलकर देखी। लेकिन इस दौरान भी मुझे गेम में कोई लैग नहीं आया। फोन में 120 hz का रिफ्रेश रेट है लेकिन फोन स्मूद इतना चलता है जिससे यह वीवी जैसी चीनी कंपनियों के 144 hz रिफ्रेश रेट पर भारी पड़ता है। ऐसे इसलिए महसूस होता है क्योंकि फोन का प्रोसेसर बहुत बढ़िया है।
एक ऐप से दूसरी ऐप स्विच करना हो या किसी भी प्रकार की मल्टी टास्किंग करनी हो, सैमसंग के इस फोन में कोई समस्या नहीं आती। इस फोन में AI फीचर्स भी बहुत सारे मिलते हैं। Google Gemini के सपोर्ट के साथ Samsung के अपने AI Bixby का भी सपोर्ट मिलता है। जेमिनी जहां अंग्रेजी के साथ हिंदी और अन्य देसी भाषाओं पर काम करता है लेकिन Bixby अभी अंग्रेजी भाषा पर ही काम करता है। लेकिन ये आपके फोन में आपकी कमांड पर सब कुछ करने की क्षमता रखता है।
इंडोर में गेमिंग के दौरान हीटिंग महसूस नहीं हुई लेकिन आउटडोर में बिना गेम खेले भी फोन में हीटिंग महसूस हुई। शायद उसका कारण यह तपती गर्मी का मौसम हो सकता है। लेकिन फोन गर्म हुआ हालांकि इसमें वेपर चैंबर लगाया गया है जो फोन के अंदर उत्पन्न होने वाली हीटिंग को जल्द ही खत्म करने का काम करता है।
ओएस की बात करें तो यह फोन Android 16 पर आधारित One UI 8.5 के साथ आता है। सैमसंग फोन पर 6 सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ 6 वर्ष तक सिक्योरिटी अपडेट भी देगी। सैमसंग के ओएस का इंटरफेस हमेशा अच्छा ही रहता है। हालांकि इस फोन में कुछ ऐप्स प्री-इंस्टॉल मिलती हैं जो मेरी तरह शायद आपको भी अच्छी ना लगे। हालांकि आपके पास उन ऐप्स को अनइंस्टॉल करने का विकल्प रहता है। लेकिन फिर भी मेरी सलाह है कि सैमसंग जैसे बड़े ब्रांड को अपनी A सीरीज के महंगे फोन में प्री-इंस्टॉल ऐप्स नहीं देनी चाहिए।
कैमरा में कैसा है फोन
Galaxy A37 5G फोन में ट्रिपल कैमरा सेटअप है, जिसमें 50 MP का वाइड कैमरा, 8 MP का अल्ट्रा वाइड और 5 MP का मैक्रो कैमरा लगाया गया है। तो वहीं फोन में 12 MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है। मेगापिक्सल के तौर पर देखें तो सैमसंग ने नए Galaxy A37 5G और पिछले Galaxy A36 5G के कैमरा सेगमेंट में कोई खास बदलाव नहीं किया है। लेकिन इस बार लो लाइट में फोटो के नतीजे पिछले फोन से बेहतर मिले हैं। मैं Samsung Galaxy A37 5G फोन से खींचे हुए कुछ फोटो यहां पोस्ट कर रहा हूँ, जिसे आप देख खुद समझ जाएंगे कि इस फोन का कैमरा कैसा है।
Pic ed from Samsung Galaxy A37 5G
Pic ed from Samsung Galaxy A37 5G With Night Mode
Pic ed from Samsung Galaxy A37 5G
Pic ed from Samsung Galaxy A37 5G
Pic ed from Samsung Galaxy A37 5G
Pic ed from Samsung Galaxy A37 5G With Night Mode
इसके साथ ही Nightography मोड को बेहतर किया गया है और कुछ नए AI फीचर्स भी कैमरा सेगमेंट में जोड़े गए हैं। सैमसंग ने कुल मिलाकर कैमरा सेगमेंट को अपग्रेड कर बेहतर बनाया है। मुझे इस फोन का कैमरा शानदार लगा।
बैटरी बैकअप कैसा है
Samsung Galaxy A37 5G में 5000 mAh की बैटरी लगाई गई है जिसके लिए 45W की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। सैमसंग फोन के साथ चार्जर तो नहीं देती, लेकिन मैंने इसे मोटोरोला के 33W चार्जर से चार्ज किया जिससे यह फोन फुल चार्ज होने में करीब 2 घंटे का समय लगाता है। सैमसंग के अनुसार फोन की बैटरी 2 दिन तक का बैकअप देती है। मेरे रिव्यू के दौरान जब मैंने इस फोन को दिन भर तेज ब्राइटनेस पर रखे हुए आधे घंटा गेम और 1 घंटा वीडियो-रील्स देखी। इसी के साथ कई सारी ऐप्स का इस्तेमाल भी किया लेकिन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक भी फोन चलता रहा और 8 प्रतिशत बैटरी बची रहने के कारण बंद नहीं हुआ। लेकिन बैटरी सेवर मोड ऑन करने पर फोन डेढ़ दिन तक चलता रहा। ऐसे में फोन के सामान्य इस्तेमाल पर बैटरी 2 दिन तक भी चल जाती है।
मेरा फैसला
Samsung Galaxy A37 5G के 8 GB रैम + 128 GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 41,999 रुपये, 8 GB रैम + 256 GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 47,499 रुपये और 12 GB रैम + 256 GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 52,999 रुपये है। आपको यह कीमत थोड़ी ज्यादा लग सकती है लेकिन सैमसंग ने इस कीमत में एक स्लिम ट्रिम फोन में शानदार डिस्प्ले, बढ़िया कैमरा, अच्छी बैटरी और दमदार प्रोसेसर देने का काम किया है। फिर यह भी बताना जरूरी है कि बैंक ऑफर के जरिए इन कीमतों पर सभी जगह भारी डिस्काउंट भी मिल रहा है, जिससे आप इस फोन को सस्ती कीमत में खरीद सकते हैं। ऐसे में अगर आपका बजट एक अच्छे अपर मिड रेंज फोन खरीदने का है तो आप Samsung Galaxy A37 5G को जरूर खरीद सकते हैं। मेरा मानना है कि इस फोन को खरीदने के बाद आपको बिल्कुल भी पछतावा नहीं होगा और आपको ये एक पैसा वसूल फोन लगेगा।
रेटिंग- 4/5
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 29 June 2026 at 12:47 IST