अपडेटेड 20 March 2024 at 16:38 IST

IPL: मुंबई इंडियंस के सदस्य जहीर खान ने क्यों कहा? धोनी काफी पहले ही समझ गए थे कि…

पूर्व भारतीय क्रिकेटर जहीर खान ने IPL के आगाज से पहले एमएस धोनी को लेकर बड़ी बात कही है। जहीर के मुताबिक धोनी काफी पहले समझ गए थे कि क्रिकेट ही सबकुछ नहीं है।

Follow :  
×

Share


IPL फ्रेंचाइजी CSK के कप्तान एमएस धोनी और मुंबई इंडियंस के सदस्य जहीर खान | Image: BCCI

Zaheer Khan Comment on MS Dhoni: दुनिया की सबसे लोकप्रिय T20 लीग IPL के शुरू होने में अब बस दो दिन बाकी हैं। 22 मार्च से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट का आगाज होने वाला है। सबकी निगाहें पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) पर हैं, जो शायद इस बार अपना आखिरी IPL सीजन खेलेंगे।

टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान (Zaheer Khan) ने धोनी (Dhoni) को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के लिए क्रिकेट महत्वपूर्ण है, लेकिन सब कुछ नहीं और ये धोनी ने काफी पहले ही समझ लिया था।

बता दें कि दो बार के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान धोनी 42 साल की उम्र में IPL के आगामी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कमान संभालेंगे। धोनी ने 4 साल पहले इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। जहीर ने IPL को लेकर धोनी पर बने एक एपिसोड में कहा- 

एमएस धोनी ने काफी पहले समझ लिया था कि उनके अंदर क्रिकेट का जुनून है और ये उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा है, लेकिन यही सब कुछ नहीं है। 

धोनी सबसे सफल कप्तान 

भारत को T20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी जिताने और टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक तक पहुंचाने के अलावा धोनी ने CSK को 5 IPL खिताब भी दिलाए हैं। वो 2008 में पहले सीजन से ही CSK के कप्तान हैं। 

'क्रिकेट के अलावा भी बहुत कुछ करते हैं धोनी'

जब आप खेल रहे होते हैं तो खेल से स्विच आफ होना बहुत महत्वपूर्ण है। क्रिकेट ही सब कुछ नहीं है। हर क्रिकेटर को इसका सामना करना होता है। जब आप खेल से अलग होते हैं तो बहुत विकल्प नहीं होते। हमने कई खिलाड़ियों को रिटायर होने के बाद संघर्ष करते देखा है, क्योंकि वो अपना सब कुछ खेल को दे देते हैं और जब खेल से अलग होते हैं, तो उन्हें समझ नहीं आता कि क्या करें। धोनी खेल से इतर भी चीजें करते रहते हैं। मसलन उन्हें बाइक्स का शौक है और उस पर रिसर्च करते रहते हैं। 

धोनी को और खेलते देखना चाहते हैं रैना

वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना धोनी को और खेलते हुए देखना चाहते हैं। CSK के पूर्व स्टार ऑलराउंडर सुरेश रैना ने कहा कि वो चाहते हैं कि धोनी अगले पांच साल और IPL खेलें।

उन्होंने कहा- 

सबसे बड़ा सवाल ये है कि उनका अगला कप्तान कौन होगा। धोनी कप्तानी छोड़ भी देते हैं तो डगआउट में बतौर मानसिक दृढता कोच या ऐसे ही रहें, लेकिन सवाल ये है कि वो बतौर कप्तान किसे तैयार करेंगे। CSK के लिए ये साल अहम है। धोनी की नजरें किस पर हैं। रुतुराज गायकवाड़ अच्छा विकल्प हैं। ये साल धोनी से ज्यादा CSK के लिए अहम है। मैं चाहता हूं कि वो 5 साल या कम से कम दो या तीन साल और खेलें।

IPL 2024 में CSK का शेड्यूल 

धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के खिलाफ अपना IPL 2024 अभियान शुरू करेगा। CSK ये मुकाबला अपने घरेलू चेपॉक के मैदान पर खेलेगा। इसके लिए दोनों टीमों की तैयारियों जारी हैं। पिछली बार की विजेता CSK इस सीजन की शुरुआत भी जीत के साथ करना चाहेगी। 

ये भी पढ़ें- Virat Kohli:'मत बोलो.मुझे शर्म आती है', स्मृति मंधाना के बगल में मौजूद विराट कोहली ने क्यों कहा ऐसा?
 

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 20 March 2024 at 16:07 IST