WPL 2024: आरसीबी की रोमांचक जीत, MI को 5 रनों से हराया; फाइनल में दिल्ली से मुकाबला
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस को बेहद रोमांचक एलिमिनेटर में पांच रन से हराकर पहली बार महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
- खेल समाचार
- 3 min read
युवा आफ स्पिनर श्रेयांका पाटिल और अनुभवी लेग स्पिनर आशा शोभना ने आखिरी ओवरों में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए बाजी पलट दी और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस को बेहद रोमांचक एलिमिनेटर में पांच रन से हराकर पहली बार महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
दूसरे सत्र के फाइनल में आरसीबी का सामना रविवार को पिछली उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स से होगा ।
130 रन पर सिमटी मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस को जीत के लिये 136 रन का आसान लक्ष्य मिला था लेकिन टीम छह विकेट पर 130 रन ही बना सकी । इक्कीस वर्ष की श्रेयांका ने 18वें ओवर में मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर (33) को आउट किया जो निर्णायक मोड़ साबित हुआ । आरसीबी की विकेटकीपर रिचा घोष ने हरमनप्रीत को स्टम्प आउट करने में चूक की लेकिन श्रेयांका ने अगली गेंद पर उन्हें लांगआन सीमारेखा पर कैच आउट कराया ।
दो ओवर में चाहिए थे 16 रन
इस समय मुंबई को दो ओवर में 16 रन चाहिये थे । आस्ट्रेलिया की सोफी मोलिनू ने बेहतरीन 19वां ओवर डाला जिसमें चार ही रन बने । अब मुंबई को आखिरी ओवर में 12 रन चाहिये थे । लेग स्पिनर शोभना ने इसमें छह ही रन दिये ।
आरसीबी ने 20 ओवर में बनाए 135 रन
इससे पहले आरसीबी के लिये एलिसे पैरी ने 66 रन बनाये लेकिन बाकी बल्लेबाज नहीं चल सके और टीम छह विकेट पर 135 रन ही बना सकी । पैरी ने 50 गेंद में 66 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिल सका । मुंबई के गेंदबाजों ने पावरप्ले के चार ओवरों के भीतर आरसीबी के तीन विकेट 24 रन पर गिरा दिये थे ।
मुंबई के लिये हेली मैथ्यूज ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिये । उन्होंने सोफी डेवाइन को सबसे पहले पवेलियन भेजा ।
कप्तान स्मृति मंधाना (10) को नेट स्किवेर ब्रंट ने आउट किया जबकि दिशा कसात (0) ने बायें हाथ की स्पिनर साइका इशाक की गेंद पर पूजा वस्त्राकर को कैच थमाया । इशाक ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिये । मैथ्यूज ने दूसरा विकेट रिचा घोष के रूप में लिया जिन्होंने एक छक्का लगाया लेकिन टिककर खेल नहीं सकी ।
एलिसे पैरी ने खेली 66 रनों की पारी
पैरी ने कुछ अच्छे चौके और इशाक को स्ट्रेट में छक्का लगाया । इसके अलावा शबनम इस्माइल को शॉर्ट थर्डमैन पर चौका जड़ा । वह दूसरे छोर से विकेटों का गिरना देखती रही । आखिर में जॉर्जिया वेयरहैम ने 10 गेंद में नाबाद 18 रन बनाये । इशाक को आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर वह टीम को 130 रन के पार ले गई ।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 15 March 2024 at 23:32 IST