अपडेटेड 10 March 2024 at 06:57 IST

10 चौके, 5 छक्के... हरमनप्रीत कौर ने नामुमकिन को किया मुमकिन, आखिरी 27 गेंद में ठोके 75 रन

हरमनप्रीत कौर ने अपने आखिरी 27 गेंदों पर 277 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 75 रन बना दिए। उन्होंने 48 गेंदों पर 95 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाया।

Follow :  
×

Share


हरमनप्रीत कौर | Image: mumbai indians/x

WPL 2024, MI vs GG: महिला प्रीमियर लीग के 16वें मैच में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने अद्भुत पारी खेलकर अपनी टीम को हारी हुई बाजी जीता दी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में MI ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस WPL 2024 के प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी।

मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर पिछले कुछ मैचों से चोट के कारण नहीं खेल रही थीं। हरमन ने गुजरात के खिलाफ मैच में वापसी की और ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग कर सबका दिल जीत लिया। एक समय पर वो 21 गेंदों पर 20 रन बनाकर खेल रही थीं। लेकिन इसके बाद उन्होंने आक्रामक मोड अपनाया और अगली 27 गेंदों में मैच का पासा ही बदल दिया।

हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी

गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 190 रन बनाए थे। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने तेज शुरुआत कर रनगति को बढ़ाए रखा। ओपनर यास्तिका भाटिया ने 36 गेंदों पर 49 रनों की अच्छी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद तेज गति से रन बनाने का दारोमदार हरमनप्रीत कौर ने अपने कंधों पर लिया और चौकों-छक्कों की बरसात कर दी।

हरमनप्रीत कौर ने अपने आखिरी 27 गेंदों पर 277 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 75 रन बना दिए। मुंबई इंडियंस की कप्तान ने 48 गेंदों पर 95 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के जड़े।

WPL 2024 के प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस

हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी के दम पर  मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। ये जीत उनके लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वो प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। हरमन की अगुवाई में MI ने पिछले सीजन में भी कमाल का प्रदर्शन किया था और ट्रॉफी जीतने में कामयाब हुई थी। मुंबई इंडियंस का अगला मैच 12 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। 

इसे भी पढ़ें: MI vs GG: मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत ने खेली 95 रनों की नाबाद पारी, गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से धोया


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 10 March 2024 at 06:57 IST