'कप्तानी खोने के बाद...,' T20 कप्तानी जाने के बाद के सफर पर सूर्यकुमार यादव का फिर छलका दर्द

Suryakumar Yadav: भारत को 2026 T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 कप्तानी छिनने के बाद के समय को फिर से एक बार याद किया है और इस दौरान उनका दर्द फिर से छलका है।

T20 कप्तानी जाने के बाद के सफर पर सूर्यकुमार यादव का फिर छलका दर्द | Image: ANI

Suryakumar Yadav: भारत को 2026 T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने T20I कप्तानी छिनने के बाद के समय को 'बहुत मुश्किल' बताया है। उन्होंने माना कि लगातार दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद का दौर उनके लिए भावनात्मक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रहा। हालांकि, उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म और क्रिकेट के प्रति अपने जुनून पर फिर से ध्यान केंद्रित करने से उन्हें चीजों को नए नजरिए से देखने में मदद मिली।

बता दें कि 2026 में भारत को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खत्म होने के बाद T20I टीम से बाहर कर दिया गया था, और चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त किया।

T20 कप्तानी छिनने के बाद का सफर 'बहुत मुश्किल'

समाचार एजेंसी एएनआई ने एक रिपोर्ट के मुताबिक बताया कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के एक कार्यक्रम में बोलते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा ""T20 वर्ल्ड कप के बाद का समय थोड़ा मुश्किल रहा है। मैं इस सच्चाई से भागना नहीं चाहता... अगर आप खुद के प्रति ईमानदार नहीं हैं, तो एक खुशहाल जीवन जीना बहुत मुश्किल हो जाता है।

सच कहूं तो, यह दौर काफी कठिन रहा, लेकिन इसी बीच मई में, IPL के दौरान, मेरे घर एक बेटी का जन्म हुआ। इसलिए मेरा पूरा ध्यान उस पर केंद्रित हो गया। उसकी पैदाइश के बाद के पिछले कुछ महीने बहुत खूबसूरत रहे हैं।"

मुश्किल समय में पत्नी ने दिया साथ

आगे उन्होंने कहा "IPL के बाद के शुरुआती दो महीने काफी मुश्किल थे, लेकिन फिर मैंने सोचा कि क्यों न उस दौर के बारे में सोचूं जब मैंने क्रिकेट की शुरुआत की थी, जब मैं मुंबई के लिए एज-ग्रुप क्रिकेट और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलने का सपना देखता था। मैंने अपनी पत्नी से इस बारे में बात की, और उन्होंने भी यही कहा: आपको खेल के प्रति वही प्यार और जुनून वापस लाना होगा, जो 15 साल की उम्र में आपमें हुआ करता था।"

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मिली कप्तानी

बता दें कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीमों का ऐलान शुरू हो गया है। इस बीच पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) ने मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है। उन्होंने मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतना मुख्य लक्ष्य बताते हुए कहा "मेरा मुख्य लक्ष्य वही है जो पहले हुआ करता था, मुंबई के लिए चैंपियनशिप जीतना।"

ये भी पढ़ें: 'यह आईने में देखने जैसा था...,' रिटायरमेंट से पहले विराट कोहली से हुई थी खास बातचीत, अपने संन्यास पर केन विलियमसन का बड़ा खुलासा

 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 11 November 2026 at 08:35 IST