FIFA World Cup 2026: चैंपियन बनने के बाद स्पेन मना रहा था जश्न, ट्रॉफी देकर भी खिलाड़ियों के बीच खड़े रहे राष्ट्रपति ट्रंप; हुई भारी फजीहत- VIDEO
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान बड़ा ड्रामा देखने को मिला। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्पेन को ट्रॉफी सौंपने के बाद भी जश्न मनाते खिलाड़ियों के बीच मंच पर खड़े रहे, जिसके बाद फीफा अध्यक्ष को हस्तक्षेप कर उन्हें हटाना पड़ा।
- खेल समाचार
- 3 min read
FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 को अपना चैंपियन मिल चुका है। रविवार (19 जुलाई) को खेले गए खिताबी मैच में स्पेन ने शानदार जीत हासिल की। यह फाइनल मैच एक बड़े ड्रामे के साथ खत्म हुआ। न्यू जर्सी स्टेडियम में मेजबान देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को न केवल 80 हजार से अधिक फुटबॉल फैंस के तीखे विरोध और हूटिंग का सामना करना पड़ा, बल्कि स्पेनिश टीम के जश्न के बीच मंच न छोड़ने की जिद्द ने उन्हें विवादों के केंद्र में ला खड़ा किया।
हूटिंग से गूंजा पूरा स्टेडियम
मेजबान राष्ट्र के प्रमुख होने के नाते डोनाल्ड ट्रंप फाइनल मुकाबले के गवाह बनने स्टेडियम पहुंचे थे। जैसे ही वे फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ जीतने वाली टीम स्पेन को मेडल देने के लिए मैदान पर उतरे, पूरा स्टेडियम उनके सामने ही हूटिंग से गूंज उठा।
ट्रॉफी देने के बाद नहीं हटे ट्रंप
असली बवाल तो उस वक्त शुरू हुआ जब स्पेन के कप्तान रोड्री को विश्व विजेता की ट्रॉफी सौंपी गई। ट्रंप ने ट्रॉफी रोड्री के हाथों में थमा दी और स्पेनिश खिलाड़ी अपनी इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए कप्तान के इर्द-गिर्द इकट्ठा होने लगे।
खेल की स्थापित परंपरा के मुताबिक, ट्रॉफी सौंपने के तुरंत बाद मुख्य अतिथियों को मंच से हट जाना होता है जिससे कैमरामैन का फोकस और लाइमलाइट सिर्फ चैंपियन खिलाड़ियों पर रहे, लेकिन ट्रंप पोडियम से हिलने को तैयार नहीं थे। वे जश्न मनाते खिलाड़ियों के ठीक बीचों-बीच खड़े रहे।
बीच में पहुंचे अधिकारी, फिर…
स्पेन के ऐतिहासिक जीत वाले फ्रेम में अमेरिकी राष्ट्रपति के इस तरह खड़े रहने से माहौल बेहद असहज हो गया। इस बीच स्थिति को संभालने के लिए आखिरकार फीफा के अधिकारियों को खुद आगे आना पड़ा। अधिकारियों ने हाथों से इशारे करते हुए ट्रंप को फ्रेम से बाहर होने और किनारे हटने का अनुरोध किया, जिससे स्पेन की टीम बिना किसी रुकावट के इस जीत का जश्न मना सके अपनी यादगार फोटो खिंचवा सके।
फीफा के हस्तक्षेप के बाद ही ट्रंप किनारे हुए, जिसके बाद स्पेनिश टीम ने जमकर अपनी जीत का जश्न मनाया। हालांकि, इस पूरे वाकये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको लेकर राष्ट्रपति ट्रंप की काफी किरकिरी हो रही है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 20 July 2026 at 11:49 IST