अपडेटेड 20 December 2025 at 17:34 IST
प्लेन के अंदर सिगरेट फूंक रहा था पाकिस्तान हॉकी टीम का मैनेजर, बेइज्जत कर फ्लाइट से उतारा नीचे
Pakistan news: पाकिस्तान के पूर्व हॉकी खिलाड़ी को उस वक्त बीच में ही फ्लाइट से उतार दिया गया, जब वो प्लेन के अंदर सिगरेट फूंकते पकड़ा गया। इससे पाकिस्तान की फिर खूब किरकिरी हो रही है।
Pakistan news: पाकिस्तान के पूर्व हॉकी ओलंपियन अंजुम सईद विवादों में घिर आए हैं। अर्जेंटीना में FIH प्रो लीग में पाकिस्तान की सीनियर टीम के साथ अर्जेंटीना गए थे। ब्राजील के रियो डि जनेरियो एयरपोर्ट पर विमान में ईंधन भरते समय सिगरेट पीने की वजह से उन्हें फ्लाइट से उतार दिया गया। उनको और एक पाकिस्तानी खिलाड़ी को टीम के साथ दुबई जाने वाले विमान में चढ़ने की इजाजत नहीं दी गई।
अंजुम सईद को विमान से उतारा गया
जियो न्यूज ने मुताबिक राष्ट्रीय हॉकी टीम अर्जेंटीना से घर लौट रही थी जब उनकी फ्लाइट ट्रांजिट के लिए एयरपोर्ट पर रुकी। ब्राजील में फ्लाइट के रुकने के दौरान अंजुम सईद ने कथित तौर पर सिगरेट पी। जानकारी के अनुसार एयरलाइन के कर्मचारियों ने इसकी सूचना सुरक्षा अधिकारियों को दी। शिकायत के बाद धूम्रपान संबंधी नियमों के सख्त पालन के चलते सुरक्षाकर्मियों ने अंजुम सईद को विमान से उतार दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरी टीम के बार-बार अनुरोध करने के बाद भी सुरक्षा अधिकारियों ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया। इसके चलते मैनेजर और एक खिलाड़ी को उतार दिया गया, जबकि बाकी टीम पाकिस्तान वापस लौट गई।
अंजुम सईद मशहूर डिफेंडर और मिडफील्डर रहे हैं। उन्होंने 1992 के ओलंपिक सेमीफाइनल में खेले थे। अंजुम को टीम के मैनेजर के तौर पर अर्जेंटीना भेजा गया था। वो उस टीम का हिस्सा थे जिसने 1994 में विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी दोनों जीते थे।
पाकिस्तानी खेल बोर्ड ने घटना पर क्या कहा?
घटना को लेकर पाकिस्तान खेल बोर्ड के एक अधिकारी का कहना है कि उन्होंने पाकिस्तान हॉकी महासंघ से इस घटना की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। इससे पाकिस्तान की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि अंजुम और एक अन्य खिलाड़ी ने मामले को तब बढ़ाया जब विमान में ईंधन भरते समय मैनेजर को धूम्रपान करने के लिए टोका गया था।
अंजुम सईद ने किया इनकार
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अंजुम सईद ने ऐसी किसी भी घटना के होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि धूम्रपान से संबंधित कोई घटना नहीं हुई। वो काम से संबंधित कारणों से एक खिलाड़ी के साथ दुबई में ही रुके हुए थे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 20 December 2025 at 17:34 IST