ब्राजील सीनियर फुटबॉल टीम आएगी भारत, कोलकाता में इस दिन खेला जाएगा दोस्ताना मुकाबला

Brazil Football Team: भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। ब्राजील की सीनियर फुटबॉल टीम भारत आने वाली है, जहां दोनों देशों के बीच अक्टूबर में कोलकाता में दोस्ताना मुकाबला खेला जाना है।

india host brazil football team | Image: ANI

Brazil Football Team: फीफा वर्ल्ड कप 2026 समाप्त हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं कि भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने गुरुवार, 30 जुलाई को घोषणा की कि ब्राजील की सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत के खिलाफ एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच खेलेगी। ब्राजील की टीम पहली बार आधिकारिक तौर पर भारत दौरे पर आ रही है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक पल होने वाला है। 

अक्टूबर में कोलकाता में दोस्ताना मैच

पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील, फुटबॉल में सबसे सफल पुरुष राष्ट्रीय टीम है। AIFF की एक प्रेस रिलीज के अनुसार, भारत, फुटबॉल के इतिहास के सबसे बड़े मैचों में से एक में विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में 'सेलेकाओ' (ब्राजील की टीम) की मेजबानी करेगा, जहां दोनों के बीच 3 अक्टूबर को दोस्ताना मैच खेला जाएगा।

ब्राजील टीम के करोड़ों फैन भारत में

1992 में FIFA वर्ल्ड रैंकिंग शुरू होने के बाद से यह मैच भारत के लिए किसी ऐसी टीम के खिलाफ मुकाबला होगा जिसकी रैंकिंग सबसे ऊंची है। ब्राजील अभी दुनिया की पांचवीं सबसे मजबूत टीम है। ब्राजील की विरासत ने दुनिया भर में कई पीढ़ियों के फुटबॉल खिलाड़ियों को प्रेरित किया है, जिनमें भारत के लाखों जुनूनी समर्थक भी शामिल हैं। ब्राज़ील के बाहर सबसे बड़े ब्राज़ीलियाई फैन बेस में से एक भारत में है।

July 30, 2026

AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल ने क्या कहा?

AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायण ने कहा, "ब्राज़ील जैसी बड़ी टीम का हमारे देश में स्वागत करना एक असाधारण पल है और यह निश्चित रूप से भारतीय फुटबॉल के इतिहास में एक यादगार अध्याय बनेगा।'

वहीं, नेशनल टीम्स के डायरेक्टर सुब्रत पॉल ने कहा, "हमारी नेशनल टीम के खिलाड़ियों के लिए, यह सिर्फ एक और मैच से कहीं ज़्यादा है। यह फुटबॉल की दुनिया के सबसे महान देशों में से एक के ख़िलाफ़ खुद को परखने का एक दुर्लभ मौका है। ऐसे अनुभव खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए चुनौती देते हैं, उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हैं और ऐसी यादें बनाते हैं जो उनके पूरे करियर में उनके साथ रहती हैं।"

ब्राजीलियाई फुटबॉल परिसंघ (CBF) ने क्या कहा?

सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में ब्राजीलियाई फुटबॉल परिसंघ (CBF) ने भी इस बात की घोषणा की। इसे एक ऐतिहासिक मौका बताते हुए, CBF ने कहा कि वह भारत के साथ जुड़ने को लेकर उत्साहित है। भारत को उसने ब्राज़ीलियाई नेशनल टीम के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय फ़ैनबेस का घर बताया।

CBF ने आगे कहा '3 अक्टूबर को, नेशनल टीम पहली बार भारतीय जमीन पर, कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में उतरेगी। यह उस देश के साथ एक खास मुकाबला होगा जहाँ ब्राज़ीलियाई नेशनल टीम के सबसे ज़्यादा इंटरनेशनल फ़ैन हैं और जहां पीढ़ियों से लोग ब्राजीलियाई फुटबॉल के इतिहास को बहुत प्यार और जुनून के साथ फॉलो करते आए हैं। हम लाखों भारतीय फैन्स के साथ इस पल का अनुभव करने के लिए बहुत उत्साहित हैं! कोलकाता में मिलते हैं।'

ये भी पढ़ें: Ajinkya Rahane: 15 शतक, 50+ फिफ्टी, मेलबर्न और गाबा की पिच पर ऐतिहासिक जीत... ऐसा रहा अजिंक्य रहाणे का क्रिकेट सफर 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 30 July 2026 at 22:18 IST