अपडेटेड 18 September 2025 at 19:34 IST
VIDEO: 'तू भी है राणा का वंशज फेंक जहां तक भाला जाए...' सचिन यादव का वो थ्रो जिससे नीरज चोपड़ा का सीना भी हुआ चौड़ा
Sachin Yadav Javelin: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया। हालांकि, टूटते दिलों के बीच सचिन यादव नाम का एक तूफान आया, जिसने फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
Sachin Yadav Javelin: टोक्यो में हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में जेवलिन स्पर्धा में भले ही भारतीय फैंस को निराशा हाथ लगी, लेकिन इसी इवेंट में भारत को एक उभरता हुआ स्टार भी मिल गया, जो आने वाले समय में दुनियाभर में देश का नाम रोशन कर सकता है। हम बात कर रहे हैं सचिन यादव की, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में 86.27 मीटर दूर थ्रो फेंक सनसनी मचा दी।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के फाइनल को देखने के लिए भारतीय फैंस काफी उत्साहित थे। वजह थे सबके चहेते नीरज चोपड़ा, जिनसे जेवलिन में एक और मेडल की उम्मीद थी। नीरज का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया। हालांकि, टूटते दिलों के बीच सचिन यादव नाम का एक तूफान आया, जिसने फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
सचिन यादव का 86.27 मीटर थ्रो
2025 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में जेवलिन स्पर्धा में सबकी नजर नीरज चोपड़ा, जूनियर वेबर और पाकिस्तान के अरशद नदीम पर थी, लेकिन उत्तर प्रदेश के सचिन यादव असली सरप्राइज पैकेज निकले। 25 वर्षीय एथलीट ने 86.27 मीटर दूर थ्रो फेंककर तहलका मचा दिया। सचिन के इस थ्रो को देखकर हर भारतीय के मुंह से यही बात निकली होगी- दोनों ओर लिखा हो भारत, सिक्का वहीं उछाला जाए... तू भी है राणा का वंशज, फेंक जहां तक भाला जाए।
मेडल से चूके... दिल जीत गए सचिन यादव
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में सचिन यादव चौथे स्थान पर रहे और मेडल जीतने से चूक गए। वो भले ही पदक नहीं जीत सके, लेकिन इस प्रदर्शन से करोड़ों भारतीयों का दिल जरूर जीत लिया। उनके 86.27 मीटर थ्रो को देखकर भारत को दो बार ओलंपिक में मेडल दिलाने वाले नीरज चोपड़ा का सीना भी गर्व से चौड़ा हो गया होगा।
8वें स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा
सचिन यादव के रूप में भारत को जेवलिन में एक उभरता हुआ सितारा तो मिला, लेकिन स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने अपने प्रदर्शन से दिल तोड़ दिया। वो फाइनल में बिल्कुल छाप नहीं छोड़ सके और 8वें स्थान पर रहे। नीरज 5वें राउंड में बाहर हुए और उनके चेहरे पर निराशा साफ तौर से जाहिर हो रही थी। नीरज चोपड़ा 8वें नंबर पर रहे, वहीं पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले अरशद नदीम 10वें स्थान पर रहे। त्रिनिदाद एंड टोबेगो के केशोर्न वालकोट ने 88.16 मीटर थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसे भी पढ़ें: कौन हैं सचिन यादव? नीरज चोपड़ा से भी दूर भाला फेंक मचाई सनसनी, देखते रहे अरशद नदीम और कांपा पाकिस्तान!
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 18 September 2025 at 19:34 IST