R Praggnanandhaa ने किया कमाल, जीता 'ग्रैंड चेस टूर सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज 2026' का खिताब
भारत के चेस खिलाड़ी आर. प्रज्ञानंद ने एक राउंड बाकी रहते ही 'ग्रैंड चेस टूर सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज़ 2026' का खिताब अपने नाम कर लिया है।
- खेल समाचार
- 3 min read
भारत के चेस खिलाड़ी आर. प्रज्ञानंद ने गुरुवार को एक बार फिर कमाल कर दिखाया है। 20 वर्षीय खिलाड़ी ने एक राउंड बाकी रहते ही 'ग्रैंड चेस टूर सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज़ 2026' का खिताब अपने नाम कर लिया है। प्रज्ञानंद ने उज़्बेक ग्रैंडमास्टर (GM) जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ़ दूसरे आखिरी राउंड में ड्रॉ खेलकर जीत हासिल की है। इससे हार के बाद सिंदारोव इस टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर रहे।
गौरतलब है कि शतरंज के इस होनहार भारतीय खिलाड़ी ने 23/35 के स्कोर के साथ फ़ाइनल में जीत दर्ज कराई है। वह इस मुकाबले में बाकी खिलाड़ियों से 1.5 अंक आगे थे। हालांकि प्रज्ञानंद ने रैपिड और ब्लिट्ज़ टूर्नामेंट पहली बार जीता है। यहाँ यह भी बता दें कि प्रज्ञानंद नौवें राउंड में डच GM जॉर्डन वैन फॉरेस्ट से हार चुके थे। लेकिन फिर भी फ़ाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफ़ाई करने में वह कामयाब हो गए।
जीत के बाद क्या बोले प्रज्ञानंद
जीत के बाद आर. प्रज्ञानंद ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। बेशक मुझे डेढ़ राउंड बाकी रहते ही जीत प्राप्त हुई जिससे हो सकता है कि आपको यह मुकाबला देखने को आसान लगे, लेकिन वास्तव में यह बेहद ज़बरदस्त टूर्नामेंट था। लेकिन मैं इस जीत से बहुत खुश हूँ। इस मुकाबले के लिए मेरी रणनीति थी कि कोई गलत चाल न चलूँ जैसे कि पिछली गेम में मैं मौका मिलने पर भी ड्रॉ नहीं कर पाया था और आखिर में हार गया था। मैंने गेम में नियंत्रण बनाए रखने और ज़रूरत से ज़्यादा जोखिम न लेने की कोशिश की।”
प्रज्ञानंद ने आगे कहा कि जावोखिर की भी तारीफ़ करनी होगी जिन्होंने गेम में आखिर तक संघर्ष किया। आर. प्रज्ञानंद के अनुसार वह रैपिड और ब्लिट्ज़ सेक्शन भी अलग-अलग जीतना चाहते थे। उन्होंने कहा कि पिछले साल रैपिड और ब्लिट्ज़ के नतीजों ने उन्हें ऐसी स्थिति में पहुँचा दिया था जिससे सिंकफ़ील्ड कप में वह अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
आर. प्रज्ञानंद ने कहा “ अब इस जीत से इस वर्ष सिंकफ़ील्ड से पहले ही मैं काफी बेहतर स्थिति में पहुँच गया हूँ। मुझे खुशी है कि मेरे खेल में सुधार हुआ है जिससे रैपिड और ब्लिट्ज़ गेम में मेरा प्रदर्शन अब बेहतर होने लगा है।”
ट्रॉफी के साथ पैसों की हुई बारिश
इस टूर्नामेंट में जीत के बाद आर. प्रज्ञानंद को खिताब के साथ 50,000 डॉलर की भारी इनामी राशि भी मिली। तो वहीं उपविजेता जावोखिर सिंदारोव को भी 40,000 डॉलर की राशि और तीसरे स्थान पर आए वेस्ली सो को 30,000 डॉलर की राशि प्राप्त हुई।
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 7 August 2026 at 08:11 IST