अपडेटेड 29 December 2024 at 22:25 IST
PM मोदी ने कोनेरू हंपी को फिडे महिला विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप जीतने पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी की अपने करियर में दो बार फिडे महिला विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतने की उपलब्धि की सराहना की।
Chess: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी की अपने करियर में दो बार फिडे महिला विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतने की उपलब्धि की सराहना की।
हंपी ने रविवार को न्यूयॉर्क में इंडोनेशिया की आइरीन सुकंदर को हराकर चैंपियन बनने के साथ ही भारतीय शतरंज के लिए इस साल को और भी शानदार बना दिया। उन्होंने 2019 में जॉर्जिया में ये प्रतियोगिता जीती थी। भारत की ये शीर्ष खिलाड़ी चीन की जू वेनजुन के बाद एक से अधिक बार खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी हैं। मोदी ने ‘एक्स’ पर हंपी को टैग करते हुए लिखा-
हंपी को 2024 फिडे महिला विश्व रैपिड चैंपियनशिप जीतने पर बधाई। उनकी दृढ़ता और प्रतिभा लाखों लोगों को प्रेरित करती है।
भारतीय चेस के लिए शानदार रहा 2024
हंपी की उपलब्धि के साथ भारतीय शतरंज के लिए एक शानदार साल का अंत हुआ। इससे पहले डी गुकेश हाल ही में सिंगापुर में क्लासिकल प्रारूप विश्व चैंपियनशिप में चीन के डिंग लिरेन को हराकर चैंपियन बने थे। सितंबर में भारत ने बुडापेस्ट में शतरंज ओलंपियाड में पहली बार ओपन और महिला वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था।
मोदी ने कहा-
ये जीत और भी ऐतिहासिक है, क्योंकि ये उनका दूसरा विश्व रैपिड चैंपियनशिप खिताब है। वो इस अविश्वसनीय उपलब्धि को हासिल करने वाली इकलौती भारतीय बन गई हैं।
वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी हंपी की जीत को अविश्वसनीय करार देते हुए उन्हें बधाई दी। नायडू ने ‘एक्स’ पर लिखा-
कोनेरू हम्पी को फिडे महिला विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप 2024 जीतने पर बधाई। उनकी अविश्वसनीय जीत भारतीय शतरंज के लिए एक अभूतपूर्व साल है।
उन्होंने हंपी की जीत को भारत के लिए गौरव का क्षण करार दिया।
जीत के बाद क्या बोलीं हंपी?
हंपी ने कहा कि उनकी जीत अब अन्य भारतीयों को शतरंज खेलने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भारत के लिए यह सही समय है। हमारे पास विश्व चैंपियन के रूप में गुकेश है और अब मुझे रैपिड प्रतियोगिता में दूसरा विश्व खिताब मिला है। इसलिए मुझे लगता है कि यह बहुत से युवाओं को पेशेवर रूप से शतरंज खेलने के लिए प्रेरित करेगा।’’
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 29 December 2024 at 22:25 IST