अपडेटेड 1 August 2024 at 21:25 IST
'पेरिस में निशानेबाजों के अच्छे प्रदर्शन का भरोसा था', IOA चीफ पीटी उषा का बयान
भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पीटी उषा ने पेरिस ओलंपिक में भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की है और कहा कि उन्हें निशानेबाजों से यही उम्मीद थी।
Paris Olympics 2024: भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा (PT Usha) ने गुरुवार को कहा कि भले ही रियो और टोक्यो में पिछले दो ओलंपिक में निशानेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा हो, लेकिन उन्हें पेरिस में उनके अच्छा करने का भरोसा था।
पेरिस ओलंपिक में भारत का 21 सदस्यीय निशानेबाजी दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें से देश को तीन कांस्य पदक मिल चुके हैं। मनु भाकर एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बन गईं। उन्होंने 10 मीटर व्यक्तिगत महिला एयर पिस्टल और सरबजोत सिंह के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
स्वप्निल कुसाले ने बृहस्पतिवार को 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में भारत के खाते में एक और कांस्य जोड़ा।
निशानेबाजों के प्रदर्शन पर बोलीं पीटी उषा
पीटी उषा ने पीटीआई से कहा-
पिछले दो ओलंपिक में हम निशानेबाजी में पदक नहीं जीत सके थे, लेकिन हम पहले भी मनु ने अच्छी शुरुआत की उम्मीद कर रहे थे। हम मनु के निजी कोच जसपाल राणा के लगातार संपर्क में हैं और वह मनु को लेकर बहुत आश्वस्त थे और जानते थे कि मनु अच्छा प्रदर्शन करेगी। हमें निशानेबाजों से पदक की उम्मीद थी। हमने तीन पदक जीत लिए हैं और निशानेबाजों से और पदक की उम्मीद है। मेरे लिए और सभी के लिए यह शानदार क्षण है। ’’
IOA प्रमुख को उम्मीद है कि भारत टोक्यो ओलंपिक से बेहतर प्रदर्शन करेगा, जिसमें देश ने 7 पदक जीते थे। उन्होंने कहा-
हमने टोक्यो में 7 पदक जीते, लेकिन हमें यहां सात से अधिक पदक जीतने चाहिए। अन्य खेलों से भी अच्छे परिणाम की उम्मीद है। हमारा ध्यान खिलाड़ियों पर है। एथलीट जो भी चाहते हैं IOA ने उनके लिए सब कुछ किया है।
पीटी उषा को उम्मीद है कि मौजूदा ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पेरिस में अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखेंगे। उन्होंने कहा कि नीरज पहले ही दो बार अपना प्रदर्शन दिखा चुके हैं और उन्हें उम्मीद है कि वो इस बार भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 1 August 2024 at 21:25 IST