अपडेटेड 18 March 2024 at 20:46 IST
पंजाब को हराकर महिला नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में मिजोरम
हॉकी इंडिया की ओर से कराई जा रही महिला नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में मिजोरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब को हराया है और क्वार्टरफाइनल में एंट्री की है।
Mizoram Secured Quarterfinal place in Women's National Hockey Championship: हॉकी मिजोरम ने सोमवार को पुणे में खेले गए मुकाबले में हॉकी पंजाब को 4-2 से हराकर 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप 2024 के क्वार्टरफाइनल में एंट्री कर ली है।
टॉप पर रहा मिजोरम
इस जीत से मिजोरम की टीम पंजाब, हिमाचल और राजस्थान से ऊपर पूल एफ में तीन में से तीन मैच जीत कर टॉप पर रही। मिजोरम के लिए लालरिनपुई ने छठे और नौवें मिनट में दो गोल दागे, जबकि कप्तान एच लालरूआटफेली ने 26वें और मारिना लालरामघाकी ने 54वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। वहीं हॉकी पंजाब की टीम सिर्फ दो गोल कर पाई। तरणप्रीत कौर ने 35वें और राजविंदर कौर ने 51वें मिनट में ये गोल किए।
नॉकआउट में कौन-कौन?
बता दें कि मिजोरम की टीम नॉकआउट राउंड में हॉकी मध्यप्रदेश, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी झारखंड, हॉकी हरियाणा, हॉकी ओडिशा और हॉकी बंगाल के साथ शामिल हो गई है, जबकि पूल जी से एक और टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंचेगी। क्वार्टरफाइनल में मिजोरम का सामना झारखंड से, मध्य प्रदेश का मैच बंगाल से और हरियाणा की टीम ओडिशा से भिड़ेगी। महाराष्ट्र की प्रतिद्वंद्वी का फैसला मंगलवार को होगा। सोमवार को अन्य मैच में असम ने पुडुचेरी को 2-1 से हराया जबकि गोवा ने चंडीगढ़ से 2-2 से ड्रा खेला। रविवार रात को पंजाब ने हिमाचल को 8-0 से जबकि मणिपुर ने कर्नाटक को 3-0 से हराया था।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 18 March 2024 at 20:46 IST