अपडेटेड 27 March 2024 at 18:52 IST

खेलो इंडिया के पदक विजेताओं के लिए खुशखबरी, मिल सकेगी सरकारी नौकरी; खेल मंत्रालय का बड़ा ऐलान

खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया गेम्स के तहत मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों और एथलीटों के लिए बड़ा ऐलान किया है। दरअसल उन्हें अब सरकारी नौकरी मिल सकेगी।

Follow :  
×

Share


केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर | Image: Instagram

Khelo India medal winners will be eligible for government jobs: खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया के पदक विजेताओं को बड़ी खुशखबरी दी है। मंत्रालय की ओर से बड़ा ऐलान किया गया है, जिसके तहत अब खेलो इंडिया के मेडल विनर्स को भी सरकारी नौकरी मिल सकेगी। 

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को एक बयान में कहा कि संशोधित मानदंडों के बाद खेलो इंडिया के पदक विजेता भी सरकारी नौकरी पाने के लिए पात्र होंगे। ठाकुर ने कहा कि ये कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने और खेल को एक आकर्षक और व्यवहार्य करियर विकल्प में बदलने’ के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने खेल मंत्रालय के परामर्श से सरकारी नौकरी चाहने वाले खिलाड़ियों के लिए पात्रता मानदंडों में संशोधन किया है।

ठाकुर ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

ठाकुर ने सोशल मीडिया पोस्ट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा- 

खेलो इंडिया खेलों (युवा, विश्वविद्यालय, पैरा और शीतकालीन) के पदक विजेता खिलाड़ी अब सरकारी नौकरी पाने के पात्र होंगे। इसके साथ ही विभिन्न खेलों में समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए खेलों और आयोजनों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया है। ये संशोधित नियम भारत को खेलों की महाशक्ति बनाने में हमारे एथलीटों का समर्थन करने में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक हैं।

बता दें कि खेलो इंडिया खेलों का पहली बार 2018 में आयोजन किया गया था। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान से पहले कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने अपने आदेश में कहा था कि खेल विभाग से सलाहमशवरे के बाद ज्यादा स्पष्टता लाने, हाल के समय में महत्व हासिल करने वाली प्रतियोगिताओं को इसमें शामिल करने और इन प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए दिशानिर्देशों की समीक्षा की गई। 

आदेश के अनुसार जिन प्रतियोगिताओं को राष्ट्रीय महत्व का दर्जा दिया गया है, उनमें राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप, भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेल तथा खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल, खेलो इंडिया युवा खेल, खेलो इंडिया शीतकालीन खेल और खेलो इंडिया पैरा खेल शामिल हैं।

कौन-कौन सरकारी नौकरी के लिए होगा पात्र? 

संशोधित नियमों के तहत, खेलो इंडिया युवा खेलों (18 वर्ष और उससे ज्यादा उम्र के प्रतिभागियों के लिए), खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों, खेलो इंडिया पैरा खेलों और खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों जैसे आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब सरकारी रोजगार के अवसरों के पात्र होंगे। इसके अलावा भारतीय स्कूल खेल महासंघ में उपलब्धि हासिल करने वाले भी ऐसे पदों के लिए अपनी पात्रता बनाए रखेंगे। इसके मुताबिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शतरंज प्रतियोगिताओं अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी सरकारी नौकरी के पात्र होंगे। जिन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय आयोजनों में देश या राज्य का प्रतिनिधित्व किया है, या जूनियर राष्ट्रीय टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है वो भी रोजगार के लिए पात्र होंगे।

ये भी पढ़ें- क्रिकेटर अभिषेक शर्मा की बढ़ी मुसीबतें, मॉडल की आत्महत्या के मामले में सूरत पुलिस ने की पूछताछ

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 6 March 2024 at 21:42 IST