'पहले जीतते तो 5% भी खुशी नहीं होती...,' 18 साल बाद IPL खिताब जीतने पर ऐसे थे विराट कोहली के जज्बात, खुद बताया
Virat Kohli: विराट RCB पॉडकास्ट पर बात कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने कहा अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले के वर्षों में आईपीएल का खिताब जीता होता, तो मुझे जो खुशी हो रही है उसका 5% भी नहीं होता। पॉडकास्ट में उन्होंने 18 साल के जज्बात को भी बयां किया।
Virat Kohli: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट में 'रन मशीन' के नाम से फेमस विराट कोहली इन दिनों आईपीएल 2026 में खूब गदर मचा रहे हैं। इसी बीच किंग कोहली ने एक खास इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने कहा 'अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले के वर्षों में आईपीएल का खिताब जीता होता, तो मुझे जो खुशी हो रही है उसका 5% भी नहीं होता।'
विराट RCB पॉडकास्ट पर बात करते हुए बताया कि वर्षों के दिल टूटने के बाद ट्रॉफी जीतने का एहसास फ्रेंचाइजी के शुरुआती वर्षों की तुलना में कहीं अधिक खास था। इस खास इंटरव्यू में उन्होंने आईपीएल 2025 के फाइनल मैच के आखिरी ओवर से लेकर 18 वर्षों के लंबे इंतजार के बारे में भी जिक्र किया।
पहले जीतते तो 5% भी खुशी नहीं होती...
पॉडकास्ट में एक सवाल का जवाब देते हुए विराट कोहली ने कहा 'मैं पूरी ईमानदारी और स्पष्टता से कह सकता हूं कि अगर हमने इसे पहले के वर्षों में जीता होता, तो मुझे जो खुशी महसूस हुई उसका 5% भी नहीं होता। उस सारे तनाव और दबाव झेलना और 18 साल बाद ऐसा होना मेरे क्रिकेट करियर में इससे बेहतर अनुभव नहीं हो सकता था। भारत के लिए खेलते हुए मैंने जो अन्य अनुभव किए हैं उनके अलावा, यह बहुत-बहुत खास था।'
IPL 2025 के फाइनल ओवर को किया याद
विराट कोहली ने आगे कहा 'मैं बहुत आभारी महसूस कर रहा था और सच कहूं तो मैं अपने जीवन के हर दिन आभारी महसूस करता हूं। मुझे कोई शिकायत नहीं है, लेकिन उस रात, खासकर मैं अब भी कहता हूं कि आखिरी ओवर की आखिरी चार गेंदों पर मैंने कैसा महसूस किया, इसे शब्दों में समझाना बहुत मुश्किल है।'
मैंने सभी सीजनों को जिया है
उन्होंने आगे कहा 'बाहर से देखें कि इस फ्रेंचाइजी का क्या हाल हुआ है। आरसीबी को इतने सालों से एक बड़ी फ्रेंचाइजी के रूप में देखा जाता रहा है जिसने कभी जीत हासिल नहीं की। यानी लगभग चैंपियन बनने वाली टीमें, जो जीत के करीब तो पहुंचीं, लेकिन कभी ट्रॉफी नहीं जीत पाईं। इतने सालों तक हर सीजन में यह दबाव बनता चला गया। इसे देखना एक बात है और इसे जीना दूसरी बात और मैंने इन सभी सीजनों को जिया है।'
2011 में एकमात्र खिलाड़ी जिसे रिटेन किया गया
विराट कोहली ने एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए कहा 'जैसा कि सभी जानते हैं, मैंने बहुत कम उम्र में आरसीबी के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। ईमानदारी से कहूं तो मेरे करियर के एक बहुत ही महत्वपूर्ण मोड़ पर मुझे टीम में बरकरार रखा गया, जिसके लिए काफी बातचीत हुई। उन्होंने मुझ पर भरोसा दिखाया। 2011 में मैं एकमात्र ऐसा खिलाड़ी था जिसे टीम में बरकरार रखा गया था और उन्होंने एक तरह से टीम को मेरे इर्द-गिर्द ही बनाया।
आईपीएल 2026 में RCB का प्रदर्शन
आईपीएल की मौजूदा चैंपियन आरसीबी 2026 सीजन में एक और शानदार प्रदर्शन कर रही है। बेंगलुरु की टीम 12 मैचों में आठ जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। वहीं, कोहली ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 53.78 के औसत और 165 के स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए हैं।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 16 May 2026 at 19:50 IST