अपडेटेड 15 April 2024 at 22:31 IST
IPL 2024: ‘बुमराह के अलावा…’ CSK से हार के बाद लारा ने मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी को किया एक्सपोज
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को पिछले मैच में 5 बार की ही विजेता चेन्नई सुपर किंग्स से हार मिली है। इसके बाद लारा ने मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की पोल खोली है।
IPL 2024: वेस्टइंडीज (West Indies) के पूर्व महान खिलाड़ी ब्रायन लारा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ हार के बाद मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की गेंदबाजी पर सवाल उठाए हैं। लारा ने कहा कि मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह के अलावा ज्यादा दम नहीं है और उन्हें खेल के इस विभाग में सुधार करने की जरूरत है।
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में हाई स्कोरिंग मैच में CSK के खिलाफ 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में जसप्रीत बुमराह को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन दिए, हालांकि बुमराह के स्टैंडर्ड के हिसाब से उनका ये प्रदर्शन सामान्य है। वहीं मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या के पारी के आखिरी ओवर में महेंद्र सिंह धोनी ने लगातार तीन छक्के मारे और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
लारा ने मुंबई की गेंदबाजी पर क्या कहा?
लारा ने IPL के ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान कहा-
मुझे लगता है कि जब हम मुंबई इंडियंस को देखते हैं तो बहुत से लोग उन्हें प्रबल दावेदार के रूप में देखते हैं, सिर्फ इसलिए कि वो इतनी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 230 रन बनाए, उन्होंने 196 रन का लक्ष्य हासिल किया, इसे बहुत आसान बना दिया, 15 ओवर में, इसलिए इस तथ्य के कारण मुझे लगता है कि हम उन्हें प्रबल दावेदार के रूप में चुनते हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी खराब है। जसप्रीत बुमराह के अलावा, उस गेंदबाजी आक्रमण में उनका समर्थन करने वाला कोई नहीं है और चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने उन्हें ध्वस्त कर दिया।
आठवें ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने अपने स्पिनरों का उपयोग नहीं किया, क्योंकि धीमे गेंदबाजों के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले शिवम दुबे क्रीज पर थे। लारा ने कहा-
स्पिनरों ने लगभग 7 रन प्रति ओवर की दर से रन देने के बाद केवल 4 ओवर फेंके, क्योंकि शिवम दुबे की मौजूदगी में उन्हें उन पर भरोसा नहीं था, इसलिए मुंबई इंडियंस को उस क्षेत्र में सुधार करना होगा, उन्हें कुछ गेंदबाज ढूंढने होंगे, मैच जिताने वाले गेंदबाज।
बता दें कि मुंबई इंडियंस अब 18 अप्रैल को पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 15 April 2024 at 22:31 IST