अपडेटेड 7 April 2025 at 23:36 IST
विराट कोहली ने मैदान पर फेंकी टोपी, जमकर दी गाली... सूर्या के चक्कर में RCB के 2 खिलाड़ियों की आई शामत, VIDEO वायरल
RCB vs MI: यश दयाल और जितेश शर्मा आपस में खतरनाक तरीके से टकरा गए और सूर्यकुमार यादव का आसान कैच छूट गया।
RCB vs MI: मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी कर अपने फैंस को तो खुश किया, लेकिन फील्डिंग के दौरान वो अपना आपा खो बैठे। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 221 रनों का पहाड़ खड़ा किया। कोहली ने 42 गेंदों पर 67 रनों की कीमती पारी।
वानखेड़े स्टेडियम पर 222 रनों का लक्ष्य भी बड़ा नहीं है। विराट कोहली इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं। यही वजह है कि जब RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल ने मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का कैच छोड़ा तो कोहली आगबबूला हो गए।
आपस में टकराए यश दयाल और जितेश शर्मा
मुंबई इंडियंस की बैटिंग पारी के 12वें ओवर में ये घटना हुई। यश दयाल की गेंद पर सूर्यकुमार यादव बड़ा शॉट लगाने गए लेकिन टाइमिंग सही नहीं हुई। गेंद को ऊंचाई तो मिली लेकिन दूरी नहीं। सूर्या को लगा कि वो आउट हो जाएंगे। बॉल ऊपर थी और RCB के दो फील्डर कैच लेने भागे। उन्होंने एक दूसरे को नहीं देखा और यहीं बड़ी गलती हो गई।
सूर्यकुमार यादव का छूटा कैच
यश दयाल और जितेश शर्मा आपस में खतरनाक तरीके से टकरा गए और एक आसान कैच छूट गया। ये टक्कर भीषण थी और विकेट कीपर जितेश के चेहरे पर चोट भी लग गई। ये नजारा देखकर विराट कोहली का गुस्सा फूटा और उन्होंने जमकर खरी-खोटी सुनाई। कोहली का पारा इतना हाई हुआ कि उन्होंने बीच मैदान पर अपनी टोपी फेंक दी।
जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके सूर्या
11वें ओवर की दूसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव का कैच छूटा तो वानखेड़े स्टेडियम में खुशी की लहर दौड़ उठी। हालांकि सूर्या जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। जिस यश दयाल पर विराट कोहली आगबबूला हुए थे, उसी ने सूर्या को आउट किया। सूर्यकुमार यादव ने आउट होने से पहले 26 गेंदों पर 28 रन बनाए।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 7 April 2025 at 23:36 IST