अपडेटेड 24 March 2025 at 08:17 IST
कौन हैं विग्नेश पुथुर? पिता ऑटो ड्राइवर, बेटे ने IPL डेब्यू पर मचाया गदर,मुंबई इंडियंस ने तराशा एक और हीरा! धोनी भी हुए मुरीद
मुंबई इंडियंस की ओर से डेब्यू कर रहे विग्नेश पुथुर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दमदार गेंदबाजी की। उनका शानदार प्रदर्शन देख एमएस धोनी भी नतमस्तक हो गए।
IPL 2025, CSK vs MI: आईपीएल का 18वां सीजन और मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच की रोमांचक भिड़ंत। एक बार मुंबई इंडियंस ने ऐसा हीरा तराश दिया है जिसकी गेंदबाजी को देखकर खुद एमएस धोनी ( MS Dhoni ) भी नतमस्तक हो गए। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया ये मुकाबला सीएसके के हक में रहा।
मुंबई इंडियंस की ओर से डेब्यू कर रहे 24 साल के विग्नेश पुथुर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दमदार गेंदबाजी की। उन्हें चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे का अहम विकेट अपने नाम किया। विग्नेश पुथुर के दमदार प्रदर्शन को देखकर सभी फैंस ये जानने को बेकरार हैं कि आखिर ये खिलाड़ी है कौन और क्या है इसकी क्रिकेट जर्नी?
कौन है विग्नेश पुथुर?
24 साल के बाएं हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रोहित शर्मा की जगह इंपैक्ट प्लेयर के रूप में डेब्यू करने का मौका मिला। इस युवा खिलाड़ी ने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और 4 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इन तीन विकेट में सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा का नाम शामिल रहा।
कौन है विग्नेश पुथुर?
केरल के विग्नेश पुथुर ने अपने आईपीएल डेब्लू मैच में काफी सुर्खियां बटोरी। 24 साल का ये युवा खिलाड़ी केरल के मलप्पुरम से ताल्लुक रखता है। पुथुर ने 11 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरु कर दिया था। पुथुर के पिता सुनील कुमार ऑटो चलाते हैं और उनकी मां के.पी. बिन्दु एक हाउसवाइफ हैं। अपने थोड़े अपरंपरागत बॉलिंग एक्शन के कारण वे रैंक में ऊपर उठे और केरल क्रिकेट लीग के उद्घाटन सत्र में एलेप्पी रिपल्स टीम का हिस्सा थे। इस मैच में उन्होंने दो विकेट हासिल किए और मुंबई इंडियंस के स्काउट्स का ध्यान अपनी ओर खींचा।
विग्नेश पुथुर ने सीनियर टीम की ओर से नहीं खेला मुकाबला
विग्नेश पुथुर ने अभी तक केरल के लिए घरेलू क्रिकेट में नहीं खेला है और न ही सीनियर टीम का हिस्सा रहे हैं। इससे पहले ही उन्हें मुंबई इंडियंस ने 30 लाख बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ लिया। मुंबई इंडियंस ने केरल क्रिकेट लीग के दौरान विग्नेश की शानदार गेंदबाजी को देखते हुए उन्हें आईपीएल 2025 ऑक्शन में अपने साथ जोड़ लिया।
मुंबई इंडियंस ने विग्नेश पुथुर को भेजा साउथ अफ्रीका
साल 2025 की शुरुआत में मुंबई इंडियंस ने SA20 के तीसरे सीजन के दौरान विग्नेश पुथुर को साउथ अफ्रीका भेजा जहां उन्होंने बतौर नेट गेंदबाज शानदार गेंदबाजी की। मुंबई इंडियंस ने न सिर्फ इस खिलाड़ी को साउथ अफ्रीका भेजा बल्कि केपटाउन में पुथुर का सारा खर्चा तक उठाया। नेट गेंदबाजी के दौरान विग्नेश पुथुर को राशिद खान से स्पिन के गुण सीखने का मौका मिला।
मुंबई इंडियंस ने पहले भी तराशे हैं बुमराह, पांड्या जैसे हीरे
आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने पहले भी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या जैसे शानदार खिलाड़ियों को तराशा जो अब टीम इंडिया की शोभा बढ़ा रहे हैं। ऐसे में आशा है कि पुथुर भी अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी को अपना फैन बनाएंगे और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करेंगे।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 24 March 2025 at 06:59 IST