IPL 2024: 11 चौके, 6 छक्के; ट्रैविस हेड ने जमकर मचाया गदर, लेकिन नहीं तोड़ पाए सुरेश रैना का रिकॉर्ड
SRH के स्टार बल्लेबाज ट्रैविस हेड IPL में धुआंधार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने एक और जबरदस्त पारी खेली है, लेकिन वो सुरेश रैना का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए।
- खेल समाचार
- 2 min read
IPL 2024: ऑस्ट्रेलिया (Australia) को वर्ल्ड चैंपियन (World Champion) बनाने वाले दिग्गज बल्लेबाज ट्रैविस हेड (Travis Head) IPL के इस सीजन में कहर बरपा रहे हैं। वो गेंदबाजों के लिए काल बन कर आए हैं। कोई भी टीम हो, सामने चाहे कितना ही अच्छा गेंदबाज क्यों न हो, हेड (Head) सबको आड़े हाथों ले रहे हैं और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड (Travis Head) ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ IPL मुकाबले में एक बार फिर बल्ले से आग उगली। वो पहली गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी करते नजर आए। हेड (Head) ने जमकर गदर मचाया और चौके-छक्कों की बरसात कर दी, लेकिन वो पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना (Suresh Raina) का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए।
पावरप्ले में ट्रैविस हेड का तूफान
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ विस्फोटक शतक जड़ने वाले ट्रैविस हेड ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी कोहराम मचाया। हेड ने ऐसा गदर मचाया कि पावरप्ले यानि पहले 6 ओवर्स में 84 रन बना डाले। ट्रैविस हेड ने 26 गेंदों पर 11 चौकों और 6 छक्कों के दम पर ताबड़तोड़ 84 रन बनाए। उनके इस तूफानी अंदाज से सनराइजर्स हैदराबाद ने बेशक पावरप्ले में हाइएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन ट्रैविस हेड भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए।
IPL में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
बता दें कि IPL में पावरप्ले (पहले 6 ओवर) में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम है। बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने 2014 में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) के खिलाफ पहले 6 ओवर्स में 87 रन बनाए थे। रैना ने 25 गेंदों 12 चौकों और 6 छक्कों के दम पर 87 रन की धुआंधार पारी खेली थी।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 21 April 2024 at 16:12 IST