अपडेटेड 1 April 2024 at 17:46 IST
IPL: मुंबई इंडियंस ने रोहित को दोबारा दिया ऑफर? दांव पर हार्दिक की कप्तानी! अग्नि परीक्षा आज
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए आज का दिन अग्नि परीक्षा जैसा है। वो वानखेड़े में मुंबई के फैंस के सामने बतौर कप्तान मैदान पर उतरने वाले हैं।
IPL 2024: 5 बार की विजेता मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की IPL 2024 की शुरुआत बेहद खराब हुई है। हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की अगुवाई में टीम ने लगातार दो मुकाबले गंवा दिए हैं। हार्दिक पर फैंस वैसे ही इतना भड़के हुए हैं कि मुंबई के 2 मैच हारने का बाद फैंस हार्दिक पर आग बबूला हैं।
दरअसल मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने IPL 2024 सीजन के लिए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी गई है। हार्दिक (Hardik) ने अपनी कप्तानी में बेशक पिछले दो सीजन गुजरात टाइटंस को खिताब जिताया और फाइनल में पहुंचाया, लेकिन मुंबई के कप्तान के तौर पर उनका मौजूदा सीजन बहुत खराब रहा है, लेकिन हार्दिक के लिए आज का दिन अग्नि परीक्षा का दिन है। वानखेड़े में मुंबई इंडियंस राजस्थान रॉयल्स से भिड़ने वाली है।
रोहित को दोबारा मिला ऑफर?
टीम की जीत का खाता न खुलना और ऊपर से फैंस की लगातार आलोचना का सामना करना। मुंबई इंडियंस में इस वक्त माहौल भी काफी गर्म है। टीम मैनेजमेंट इस बात को समझ रहा है कि फैंस रोहित की जगह हार्दिक को स्वीकर नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में खबरें ये आ रही हैं कि मुंबई इंडियंस ने रोहित को दोबारा कप्तानी का ऑफर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित ने फिर से कप्तान बनने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई इंडियंस टीम मैनेजमेंट के किसी सदस्य ने रोहित को ये ऑफर दिया, लेकिन रोहित इसके लिए राजी नहीं हुए। अब देखना ये है कि आने वाले दिनों में क्या होता है।
वानखेड़े में फैंस के सामने कैसा बर्ताव करेंगे हार्दिक?
मुंबई इंडियंस आज सोमवार को IPL 2024 सीजन के अपने तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ने वाली है, जो अपने पिछले दोनों मैच जीत कर आ रही है। वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिल सकता है। दरअसल हार्दिक को हैदराबाद और अहमदाबाद में फैंस के गुस्से का सामना करना पड़ा था। हार्दिक बतौर कप्तान जिस तरह रोहित को फील्डिंग के लिए मैदान पर दौड़ाया, वो फैंस को रास नहीं आया और हार्दिक के खिलाफ नारेबाजी की गई। पिछले दो मैचों की तुलना में वानखेड़े स्टेडियम में फैंस की ओर से ज्यादा नारेबाजी देखने को मिल सकती है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने हार्दिक के खिलाफ नारेबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं, हालांकि MCA ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। MCA का कहना है कि वो फैंस के बर्ताव को लेकर BCCI की गाइडलाइंस का पालन करेगा।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 1 April 2024 at 17:35 IST