अपडेटेड 31 March 2024 at 20:15 IST
IPL 2024: गुरु के सामने चेला, कौन करेगा 'खेला'? हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन हावी, धोनी या पंत
भयानक सड़क हादसे के बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर रहे ऋषभ पंत IPL 2024 में आज अपने गुरु एमएस धोनी के सामने हैं। कौन किस पर भारी रहता है, ये देखना होगाा।
Rishabh Pant and MS Dhoni Clash in IPL 2024: चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम (Chepauk Stadium) से शुरू हुआ IPL 2024 का कारवां अब विशाखापटनम आ पहुंचा है। वाइजैग में खेले जा रहे IPL 2024 के 13वें मैच में गुरु और चेले की भिड़ंत हो रही है।
चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हो रहे इस मुकाबले में ऋषभ पंत का सामना एमएस धोनी से हो रहा है, जिन्हें वो अपना गुरु मानते हैं। इस मैच में कौन खेला करेगा, ये तो नतीजा आने पर ही पता चलेगा, लेकिन तब तक हम आपको दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड के बारे में बता देते हैं।
CSK या DC, IPL में किसका पलड़ा भारी?
IPL में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स में अब तक काफी मुकाबले हो चुके हैं। दोनों ही फ्रेंचाइजियां IPL के पहले ही सीजन से खेल रही हैं और अब तक दोनों के बीच 29 मैच हो चुके हैं, जिसमें से 19 चेन्नई सुपर किंग्स ने जीते हैं, जबकि 10 में दिल्ली कैपिटल्स को जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच आज 30वां मैच खेला जा रहा है, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के पास अपना रिकॉर्ड सुधारने का मौका है, जबकि CSK अपना दबदबा बनाए रखना चाहेगा।
गुरु को नए रोल में देख रहे पंत
ऋषभ पंत के लिए ये सीजन बहुत खास है। वो 15 महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर रहे हैं। खतरनाक सड़क हादसे में बुरी तरह चोटिल होने के बाद वो पिछले सीजन से चूक गए थे, लेकिन IPL 2024 सीजन में उन्होंने वापसी की है और दिल्ली की कमान संभाल रहे हैं। इतना ही नहीं पंत इस सीजन अपने गुरु एमएस धोनी को नए रोल में देख रहे हैं। दरअसल धोनी मौजूदा सीजन में सिर्फ बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेल रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले युवा बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी थी।
मैच की बात करें तो पंत ने आज CSK के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी है। सलामी बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने दिल्ली को मजबूत शुरुआत दिलाई है। दोनों बल्लेबाजों की धुआंधार पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 7 ओवर में 75 रन बना लिए हैं।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 31 March 2024 at 20:15 IST