संजू सैमसन ने जडेजा को गेंद से मारा तो अंपायर ने दे दिया आउट, मचा बवाल; आखिर ये नियम है क्या?

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में रवींद्र जडेजा 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार हुए। अपने करियर में वो पहली बार इस तरीके से आउट हुए हैं।

संजू के थ्रो पर जडेजा हुए आउट | Image: X

Ravindra Jadeja Obstructing the Field : आईपीएल 2024 के 61वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने भले ही राजस्थान रॉयल्स को हरा दिया लेकिन मैदान पर एक ऐसी घटना घटी जिससे CSK के फैंस आग बबूला हो गए। स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन के थ्रो पर जडेजा को चोट भी लगी, लेकिन उन्हें दर्द तब हुआ जब अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। पूरा मामला क्या है? आइए जानते हैं।

चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में CSK ने बाजी मार ली। ऋतुराज गायकवाड़ की टीम के लिए ये मुकाबला जीतना जरूरी था। इस हार के बाद संजू सैमसन की टीम को प्लेऑफ का टिकट लेने के लिए एक और मैच का इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि, मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा रवींद्र जडेजा के विकेट को लेकर हो रही है।

रवींद्र जडेजा के विकेट पर बवाल

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 142 रनों का लक्ष्य रखा। धीमी विकेट पर ये टारगेट आसान नहीं था। मुश्किल स्कोर का पीछा करते हुए रवींद्र जडेजा को पहली छह गेंदों पर पांच रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने आवेश खान की गेंद पर थर्ड मैन की दिशा में शॉट खेला। जडेजा ने दूसरे छोर पर बैटिंग कर रहे कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को डबल भागने को कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद जब जडेजा बॉलिंग छोर पर वापस जा रहे थे तब विकेट कीपर संजू सैमसन ने थ्रो किया। गेंद जडेजा की पीठ पर लगी और फिर राजस्थान रॉयल्स ने अपील की और अंपायर ने आउट दे दिया।

'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार हुए जडेजा

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में रवींद्र जडेजा 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार हुए। अपने करियर में वो पहली बार इस तरीके से आउट हुए हैं। आईपीएल की बात करें तो उनसे पहले दो बल्लेबाज फील्ड में बाधा पहुंचाने के कारण आउट दिए गए हैं। आईपीएल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वॉरियर्स इंडिया के बीच हुए मैच के दौरान यूसुफ पठान ऐसे आउट हुए थे। इसके बाद 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी अमित मिश्रा को भी ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड की वजह से आउट दिया गया था।

इस नियम तहत आउट हुए जडेजा

MCC के नियम 37.1.14 के अनुसार, अगर अंपायर को लगता है कि विकेट के बीच दौड़ लगाते समय बल्लेबाज ने बिना किसी संभावित कारण के अपनी दिशा बदली है और फील्डर को बल्लेबाज को रन आउट करने में दिक्कत हुई है, फिर अंपायर फील्डिंग टीम की अपील पर बल्लेबाज को फील्ड में बाधा डालने के लिए आउट दे सकता है। 

इसे भी पढ़ें: RCB का प्लेऑफ में पहुंचना हुआ आसान, CSK को इतने अंतर से हराते ही सीट कन्फर्म! जानें समीकरण


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 13 May 2024 at 08:38 IST