12 गेंद में चाहिए थे 35 रन, राशिद-तेवतिया ने राजस्थान के जबड़े से छीनी जीत, बने 3 बड़े रिकॉर्ड
RR vs GT Match Highlights: राशिद खान और राहुल तेवतिया की शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 3 विकेट से हरा दिया।
- खेल समाचार
- 3 min read
IPL 2024 RR vs GT Match Highlights: आईपीएल 2024 के 24वें मैच में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 3 विकेट से हरा दिया। अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान ने बेहद रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई। इसके साथ ही संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स को इस सीजन में पहली हार का सामना करना पड़ा। दिल की धड़कन बढ़ा देने वाले मैच में राशिद खान और राहुल तेवतिया गुजरात टाइटंस के मैच विनर बने।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 196 रन खड़ा किया। शानदार फॉर्म में चल रहे रियान पराग ने एक बार फिर जलवा दिखाया और 76 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान संजू सैमसन ने भी उनका भरपूर साथ दिया और उन्होंने 68 रन बनाए। हालांकि, राशिद खान और राहुल तेवतिया ने दोनों की पारियों पर पानी फेरते हुए राजस्थान रॉयल्स के जबड़े से जीत छीन ली।
राशिद-तेवतिया ने हारी हुई बाजी कैसे जीती?
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम एक समय पर मैच से बाहर हो गई थी। जब शुभमन गिल 72 रन बनाकर आउट हुए तो ऐसा लगा कि राजस्थान रॉयल्स ये मुकाबला आसानी से जीत लेगी। लेकिन कहानी में ट्विस्ट आना बाकी था। आखिरी 12 गेंदों पर 35 रनों की दरकार थी, लक्ष्य मुश्किल था लेकिन राहुल तेवतिया और राशिद खान ने हार नहीं मानी और अगली 12 गेंदों में मैच को पूरी तरह से बदल दिया।
आखिरी 12 गेंदों का रोमांच
19वां ओवर मैच का सबसे अहम ओवर माना जाता है। कप्तान संजू सैमसन ने तेज गेंदबाज कुलदीप सेन पर भरोसा दिखाया जो इससे पहले 3 विकेट चटका चुके थे। राहुल तेवतिया ने दूसरी गेंद पर चौका जड़ा और थोड़ी उम्मीद जगाई। इसके बाद राशिद खान ने चौथी गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया और ये नो बॉल भी थी इसलिए दबाव पूरा राजस्थान रॉयल्स पर शिफ्ट हो गया।
इस ओवर की अंतिम गेंद पर राहुल तेवतिया ने चौका लगाकर गुजरात टाइटंस के फैंस को झूमने का मौका दिया। अब आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रनों की जरूरत थी। संजू सैमसन ने गेंद आवेश खान को थमाई। राशिद ने पहली गेंद पर ही चौका जड़ दिया। अब मैच गुजरात के पाले में आ चुका था। दूसरी गेंद पर डबल और फिर चौका लगने से राजस्थान रॉयल्स के खेमे में हड़कंप मच गया। फिर 5वीं गेंद पर तीन रन लेने के चक्कर में तेवतिया रन आउट हुए। आखिरी गेंद पर जीत के लिए चाहिए थे 2 रन और स्ट्राइक पर थे राशिद खान। उन्होंने पॉइंट्स के ऊपर से शानदार कट खेला और बॉल पलक झपकते ही बाउंड्री के पार चली गई। इसके साथ ही राशिद खान और राहुल तेवतिया की अद्भुत पार्ट्नर्शिप और जज्बे के दम पर गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हरा दिया।
बने कई रिकॉर्ड
बता दें कि आईपीएल इतिहास में ये गुजरात टाइटंस की दूसरी सबसे बड़ी रन चेज है। इससे पहले 2023 में GT ने RCB के खिलाफ 198 रन चेज किया था। इसके अलावा आखिरी गेंद पर गुजरात टाइटंस द्वारा ये सबसे बड़ी चेज भी थी। आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 मैचों में ये गुजरात टाइटंस की 16वीं जीत थी जो इतने कम समय में किसी भी टीम से ज्यादा है।
इसे भी पढ़ें: रियान पराग ने बल्ले से मचाई ऐसी तबाही, एक साथ टूटा दुबे, क्लासेन और कोहली का विशाल रिकॉर्ड
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 11 April 2024 at 06:35 IST