अपडेटेड 31 March 2024 at 22:24 IST

IPL 2024: 'हार्दिक को अपने काम पर…' फैंस की नाराजगी के बीच पांड्या को लेकर बोले ट्रेंट बोल्ट

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या इस वक्त सबके निशाने पर हैं। हार्दिक को फैंस की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच ट्रेंट बोल्ट ने बयान दिया है।

Follow :  
×

Share


ट्रेंट बोल्ट ने हार्दिक पांड्या को लेकर दिया बयान | Image: IPL

Trent Boult Comment on Hardik Pandya: 5 बार की IPL विजेता मुंबई इंडियंस इस समय मुसीबत में नजर आ रही है। लगातार दो हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या सबके निशाने पर हैं। फैंस हार्दिक को लेकर नेगेटिव रिएक्शन दे रहे हैं। 

इस बीच राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने मौजूदा सीजन अहमदाबाद और हैदराबाद में फैंस की हूटिंग का शिकार होने वाले मुंबई इंडियंस के कप्तान और अपने पूर्व साथी हार्दिक पांड्या पर बयान दिया है।

बोल्ट ने किया हार्दिक का सपोर्ट

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे बाएं हाथ के दिग्गज तेज गेंदबाज बोल्ट ने हार्दिक का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें अपने काम पर ध्यान लगाए रखना होगा। बोल्ट ने कहा-

आप इसे नियंत्रित नहीं कर सकते हैं। पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर आपको इसका सामना करना होता है। आपको इस पर ध्यान न देकर अपने काम पर ध्यान लगाए रखना होगा, लेकिन ये कहने जितना आसान नहीं है, हालांकि अंत में ये खत्म हो जाएगा।

बता दें कि मुंबई इंडियंस रविवार, 1 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई में IPL मैच खेलने वाली है। बोल्ट ने मुकाबले से पहले शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा-

इस देश में बहुत सारे उत्साही फैंस हैं और खासतौर पर हार्दिक के बारे में बात करूं तो वो मेरे पसंदीदा भारतीय क्रिकेटरों में से एक हैं। मुझे नहीं लगता कि हूटिंग बहुत लंबे समय तक रहेगी। मुझे भरोसा है कि वो उन लोगों में से एक हैं जो अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। 

पीयूष चावलो को भी भरोसा

मुंबई इंडियंस के अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला का भी मानना है कि टीम के जीतने के बाद हालात सुधर जाएंगे। उन्होंने कहा- 

आप इसमें कुछ नहीं कर सकते, क्योंकि वो फैंस हैं और वो जो करते हैं, वो हमारे नियंत्रण में नहीं होता, इसलिए हम कुछ नहीं कह सकते कि वो क्या कर रहे हैं। हार्दिक सिर्फ अपने खेल पर ध्यान लगा रहे हैं, वो फैंस के बर्ताव से चिंतित नहीं हैं और एक बार हम जीतने लगेंगे तो चीजें पूरी तरह अलग हो जाएंगी। 

बता दें कि हार्दिक मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के बाद से फैंस के निशाने पर हैं, लेकिन जब से वो बतौर कप्तान मैदान पर उतरे हैं और रोहित के साथ उनकी खींचतान की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आईं हैं, तब से उनका विरोध बहुत बढ़ गया है। इतना ही नहीं हार्दिक की अगुवाई में मुंबई ने IPL 2024 सीजन के शुरुआती दोनों मैच गंवा दिए हैं। ऐसे में उन्हें फैंस की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। 

ये भी पढ़ें- IPL 2024: SRH के खिलाफ गेंदबाजी के बाद मोहित ने क्यों कहा? ‘ये याद दिलाने के लिए शुक्रिया कि...’

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 31 March 2024 at 22:24 IST