अपडेटेड 6 April 2024 at 20:02 IST
IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स और RCB में खेला जा रहा 'पिंक प्रोमिस' मैच, क्या है इसका मतलब?
राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आज IPL में पिंक प्रोमिस मैच खेला जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स की टीम पिंक जर्सी पहनकर खेल रही है।
IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें सीजन में फैंस का भरपूर मनोरंजन हो रहा है। फैंस को हर दिन रोमांचक मैच देखने को मिल रहे हैं। IPL 2024 में आज एक और जबरदस्त मैच हो रहा है। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है, जो अपने आप में बहुत खास है।
दोनों टीमों के बीच आज एक नॉर्मल नहीं, बल्कि 'पिंक प्रोमिस' मैच खेला जा रहा है, जिसके पीछे एक बहुत खास वजह है। पिंक प्रोमिस मैच क्या है और ये क्यों खेला जा रहा है, आइए आपको इसकी वजह बताते हैं।
महिलाओं के लिए खेला जा रहा पिंक
हर क्रिकेट टीम के लिए मैच खेलने का मकसद जीत होता है, लेकिन संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स आज IPL में एक खास वजह के लिए खेल रही है। दरअसल राजस्थान में महिलाओं को बढ़ावा देने और उनके समर्थन के उद्देश्य से राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी आज पिंक प्रोमिस मैच खेल रही है। टॉस के वक्त एक महिला को मैदान पर बुलाया गया और ये दृश्य वाकई दिल छू लेने वाला था।
पिंक प्रोमिस मैच होने के चलते राजस्थान रॉयल्स आज RCB के खिलाफ पिंक जर्सी में खेल रही है, जो राजस्थान की उन महिलाओं के प्रति सम्मान देने की जरिया है, जो जमीनी स्तर पर बदलाव ला रही हैं। इन सभी पिंक जर्सियों की सेल से आने वाली आय रॉयल राजस्थान फाउंडेशन को दी जाएगी और इसे महिलाओं के उत्थान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। वैसे जयपुर को भी पिंक सिटी के नाम से जाना जाता है।
महिलाओं की जिंदगी से रूबरू हुई थी पूरी टीम
महिलाओं के लिए आज पिंक मैच खेल रही राजस्थान रॉयल्स टीम पिछले दिनों राजस्थान के जयपुर में महिलाओं की जिंदगी से रूबरू हुई थी। महिलाएं, खासतौर पर गरीब परिवार से आने वाली महिलाएं अपना जीवनयापन कैसे करती हैं, खिलाड़ियों ने ये जाना था।
रियान पराग जैसे भारतीय खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि ट्रेंट बोल्ट जैसे विदेशी प्लेयर भी मजदूर महिलाओं का हाथ बंटाते नजर आए थे। बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने ये कमिटमेंट भी किया है कि मैच के दौरान हर छक्के पर राजस्थान के 6 गरीब घरों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। चाहे ये सिक्स कोई भी टीम लगाए। राजस्थान और RCB के बीच आज के इस IPL मैच को पिंक प्रोमिस मैच करार दिया गया है।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 6 April 2024 at 20:01 IST