अपडेटेड 26 March 2024 at 20:59 IST
IPL में वर्ल्ड कप वाले फॉर्म में दिखे रचिन रवींद्र, गिल की टीम के खिलाफ मचाया गदर
2023 वर्ल्ड कप में बल्ले के साथ शानदार पारियां खेलकर सनसनी मचाने वाले रचिन रवींद्र IPL 2024 में भी कातिलाना फॉर्म में दिख रहे हैं।
IPL 2024: पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में बल्ले के साथ सनसनी मचाने वाले न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज रचिन रवींद्र IPL में भी वर्ल्ड कप फॉर्म में दिख रहे हैं। रचिन ने IPL 2024 के लगातार दूसरे मैच में कोहराम मचाया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेल रही है, जिसमें रचिन के बल्ले से तूफानी पारी निकली है।
CSK IPL 2024 का दूसरा मैच भी घर पर यानि चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेल रही है। गुजरात ने टॉस जीतकर CSK को पहले बल्लेबाजी दी है और गुजरात के इस ऑफर को रचिन रवींद्र ने बखूबी भुनाया है। रचिन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए ताबड़तोड़ रन बनाए हैं। चेपॉक के मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश करते हुए शुभमन गिल की टीम के खिलाफ रचिन ने विस्फोटक पारी खेली है।
230 के स्ट्राइक रेट से बनाए रन
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग करने उतरे बाएं हाथ के बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने 6 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 20 गेंदों पर 230 के स्ट्राइक रेट से 46 रन बनाए हैं। रचिन ने शुरुआत से ही गिल की गुजरात टाइटंस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। उनका सबसे पहला शिकार बने उमेश यादव, जिनकी गेंदों पर रचिन टूटकर पड़े। इसके अलावा उन्होंने अजमतुल्लाह ओमरजाई के खिलाफ अटैकिंग बैटिंग की, हालांकि राशिद खान की फिरकी में वो फंस गए और 46 रन पर विकेट गंवा बैठे। रचिन जब आउट हुए, तब CSK 5.2 ओवर में 62 के स्कोर पर थी और टीम का रनरेट 12 का था।
IPL 2024 के ओपनिंग मैच में भी बरसे थे रचिन
बता दें कि रचिन रवींद्र ने IPL 2024 के ओपनिंग मैच में भी बल्ले के साथ कोहराम मचाया था। रचिन ने RCB के खिलाफ 3 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 15 गेंदों पर 246.67 के स्ट्राइक रेट के साथ ताबड़तोड़ 37 रन बनाए थे।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 26 March 2024 at 20:49 IST