अपडेटेड 27 April 2025 at 14:37 IST
जब उसने कहा- मेरे भाई ने कभी केक नहीं खाया मैम... नीता अंबानी का छलका दर्द, हार्दिक-रोहित के सामने हुईं इमोशनल, VIDEO
MI vs LSG: आईपीएल 2025 के 45वें मैच में जब मुंबई इंडियंस मैदान पर उतरेगी तो स्टेडियम में मौजूद 19000 बच्चे उनके लिए शोर मचाएंगे।
Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants: आईपीएल 2025 के 45वें मैच में जब मुंबई इंडियंस मैदान पर उतरेगी तो स्टेडियम में मौजूद 19000 बच्चे उनके लिए शोर मचाएंगे। जी हां, शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाला मैच बहुत खास है। मुंबई इंडियंस ने दिल जीतने वाला कदम उठाया है, जिसके तहत 27 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में 19 हजार गरीब बच्चे मौजूद होंगे। इनमें से 200 बच्चे स्पेशल भी होंगे।
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स फॉर ऑल (ESA) को बढ़ावा देने के लिए ये नेक कदम उठाया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में 19000 बच्चे उस सपने को जिएंगे, जिसकी शायद उन्होंने कभी कल्पना नहीं की होगी। स्टेडियम में बैठकर वो अपने आइडल को लाइव खेलते हुए देख सकेंगे। स्पेशल मैच से पहले जब नीता अंबानी इसके बारे में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों को बता रही थीं तब वो इमोशनल हो गईं। उन्होंने एक दिल छू लेने वाला वाक्या याद किया।
नीता अंबानी का छलका दर्द
मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से 'एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स फॉर ऑल' के बारे में बताते हुए नीता अंबानी भावुक हो गईं। उन्होंने एक कहानी का जिक्र किया जिसे वो अभी तक नहीं भूली हैं।
नीता अंबानी ने कहा, ''मुंबई इंडियंस का अगला होम गेम बहुत स्पेशल होने वाला है। स्टेडियम में हमें सपोर्ट करने अल्प सुविधा प्राप्त बच्चे आ रहे हैं। उनके आने से स्टेडियम का माहौल अलग होगा। मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि उनके सामने अपना बेस्ट प्रदर्शन करें। वो अपने घर से लंबी कतारें तय कर सिर्फ एक मैच देखने आते हैं। मैं एक कहानी सुनाना चाहती हूं जो मेरे दिल के बहुत करीब है।''
मुंबई इंडियंस की मालकिन ने कहा, ''जो बच्चे मैच देखने आते हैं हम उन्हें 4 टाइम खाना देते हैं। एक बार मैं उन बच्चों के साथ बैठी थी। मैंने देखा कि एक बच्ची अपना खाना नहीं खा रही थी। मैंने पूछा- क्या हुआ, आप खा क्यों नहीं रही? उसने जवाब दिया- ''मैं इसे अपने भाई के लिए बचा रही हूं, क्योंकि मेरे भाई ने जिंदगी में कभी केक नहीं चखा है।''
मुंबई इंडियंस के इस पहल का क्या है मकसद?
बता दें कि 2010 में शुरू की गई ESA पहल, रिलायंस फाउंडेशन (रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की सीएसआर शाखा) और मुंबई इंडियंस के बीच सहयोग का प्रतिनिधित्व करती है। इसका उद्देश्य सभी पृष्ठभूमि के बच्चों के लिए शिक्षा और खेल को सुलभ बनाना, युवा दिमागों को सशक्त बनाना और महत्वाकांक्षा को प्रेरित करना है।
MI vs LSG: हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन आगे?
बता दें कि आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की गाड़ी भले ही जीत की पटरी पर लौट आई है, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स को हराना हार्दिक एंड कंपनी के लिए आसान नहीं होगा। इस सीजन में भी जब दोनों टीमें पहले राउंड में आमने-सामने हुई थी तब लखनऊ ने मुंबई को हरा दिया था। हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले हुए हैं। 6 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने बाजी मारी है और एक मैच मुंबई इंडियंस ने जीता है।
इसे भी पढ़ें: कौन है जिग्नेश परमार? पहलगाम हमले के दिन गौतम गंभीर को जान से मारने की दी थी धमकी, पुलिस ने पकड़ा तो हुआ बड़ा खुलासा
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 27 April 2025 at 14:37 IST