अपडेटेड 24 March 2024 at 18:45 IST
IPL 2024 अभियान की शुरुआत से पहले रोहित ने मुंबई इंडियंस में नए चेहरों को लेकर बोली बड़ी बात
रोहित शर्मा ने IPL 2024 के लिए मुंबई इंडियंस में जोड़े गए नए खिलाड़ियों को लेकर बयान दिया है। रोहित ने उनसे बड़ी उम्मीद लगाई है।
IPL 2024: सुपर संडे में आज क्रिकेट फैंस को एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलने वाला है। दरअसल आझ रविवार को एक नहीं, बल्कि IPL के दो मुकाबले हैं। राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच जयपुर में पहला मुकाबला खेला जा रहा है, जबकि कुछ देर में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस में दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
5 बार की IPL विजेता मुंबई इंडियंस अपने 2024 IPL अभियान की शुरुआत करेगी, लेकिन इससे पहले रोहित शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है।
मुंबई इंडियंस के नए खिलाड़ियों पर बोले रोहित
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को उम्मीद है कि IPL के आगामी चरण के लिए उनकी टीम में शामिल किए गए नए खिलाड़ी शुरू से ही छाप छोड़ने में कामयाब हों,गे क्योंकि फ्रेंचाइजी का लक्ष्य नए कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुआई में रिकॉर्ड छठा खिताब हासिल करना है।
कई तेज गेंदबाजों को किया गया शामिल
5 बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस ने इस बार साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जे, अंडर-19 वर्ल्ड कप के अनकैप्ड स्टार क्वेना मफाका, इंग्लैंड के ल्यूक वुड, श्रीलंका के नुवान तुषारा, वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड और अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी को शामिल किया है। भारतीयों में श्रेयस गोपाल को भी शामिल किया गया है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका के बाहर होने के बाद मफाका पिछले हफ्ते मुंबई के कैंप में शामिल हुए, जबकि वुड को ऑस्ट्रेलिया के चोटिल गेंदबाज जेसन बेहरेनडोर्फ की जगह शामिल किया गया।
युवा खिलाड़ियों से रोहित को काफी उम्मीद
रोहित ने मुंबई इंडियंस की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा-
हमने बहुत सारे खिलाड़ी नीलामी में खरीदे। बहुत सारे नए चेहरे और युवा खिलाड़ियों को टीम से जोड़ा गया, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उम्मीद है कि वो शुरू से ही अपनी छाप छोड़ सकते हैं।
सोमवार को मुंबई इंडियंस के कैंप से जुड़े रोहित ने कहा-
मेरे लिए तैयारी हमेशा ही महत्वपूर्ण रही है, जिससे मुझे किसी भी मैच में खेलने से पहले काफी आत्मविश्वास मिलता है। बहुत सी चीजें हैं, जो मैं मैच से पहले करता हूं और मुझे लगता है कि मैंने अब सब कुछ कर लिया है। बस कुछ चीजें बची हैं, जो मैं अब करूंगा और मैं खेल के लिए तैयार हो जाऊंगा।
मुंबई इंडियंस IPL 2024 के अपने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस से भिड़ने वाली है। इस बार रोहित बतौर कप्तान नहीं, बल्कि सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरेंगे। वहीं मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या IPL 2024 के पहले ही मैच में अपनी पिछली फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेंगे।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 24 March 2024 at 18:45 IST