अपडेटेड 7 April 2024 at 19:43 IST
IPL 2024: आखिरकार मुंबई इंडियंस ने चखा जीत का स्वाद, दिल्ली फतह कर हार्दिक ने ली चैन की सांस
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आखिरकार IPL 2024 में जीत का स्वाद चख लिया है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई ने दिल्ली को हराकर पहली जीत दर्ज की है।
IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में लगातार तीन हार का सामना करने वाली मुंबई इंडियंस ने आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया है। 5 बार की इस IPL चैंपियन फ्रेंचाइजी ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर पहली जीत दर्ज की है और इसके साथ MI के कप्तान हार्दिक पांड्या ने चैन की सांस ली है।
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में IPL 2024 का 20वां मैच खेला गया। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन ये निर्णय उनके हक में नहीं गया। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 234 रन का पहाड़नुमा स्कोर खड़ा कर दिया। इस बड़े टोटल तक पहुंचने के लिए दिल्ली ने जी जान लगा दी, लेकिन वो 20 ओवर में 8 विकेट पर 205 रन ही बना पाई। इस हाई स्कोरिंग मैच में मुंबई ने 29 रन से शानदार जीत हासिल की।
रोहित से लेकर शेफर्ड तक, तूफानी पारियों की झड़ी
आर-पार की जंग में उतरी मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने आज मैदान पर तहलका मचा डाला। रोहित से लेकर शेफर्ड तक तूफानी पारियों की झड़ी लग गई। सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और ईशान किशन ने मुंबई को धाकड़ शुरुआत दी, लेकिन बीच के ओवरों में मुंबई की पारी थोड़ी धीमी हो गई है। एक समय पर मुंबई इंडियंस का 200 तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन रोमारियो और टिम डेविड ने अंत में ऐसा तहलका मचाया कि 200 तो क्या 234 का स्कोर बना डाला।
रोहित ने 6 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 27 गेंदों पर 49 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं ईशान ने 4 चौकों और 2 छक्कों के सहारे 23 गेंदों पर 42 रन बनाए। इसके बाद टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने बल्ले के साथ कोहराम मचाया। डेविड ने 2 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 21 गेंदों पर 45, जबकि शेफर्ड ने 10 गेंदों पर 3 चौकों और 4 झन्नाटेदार छक्कों के दम पर 39 रन बनाए, जिसके दम पर मुंबई ने 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में गेराल्ड कोएत्जे सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर मुंबई के 4 विकेट निकाले। वहीं बुमराह ने 4 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए और वो भी काफी किफायती रहे।
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 7 April 2024 at 19:17 IST